महाराष्ट्र के जालना जिले में कर्ज वसूली को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी गांव में बकाया राशि वसूलने पहुंचा. नाराज ग्रामीणों ने कर्मचारी पर नीली स्याही फेंक दी और आरोप लगाया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद गांव में जबरन कर्ज वसूली का सिलसिला जारी है.
यह मामला जालना जिले के घनसावंगी तालुका के मच्छिंद्रनाथ चिंचोली गांव का है. ग्रामीणों के मुताबिक, माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी गांव में कर्ज की वसूली के लिए आया था. इस दौरान गांव के लोगों ने उसका विरोध किया और उस पर नीली स्याही फेंक दी.
किसानों पर बढ़ रहा है मानसिक दबाव
ग्रामीणों का कहना है कि वे पहले भी कई बार कंपनी के प्रतिनिधियों को गांव में दबाव बनाकर वसूली नहीं करने की नसीहत दे चुके हैं. इसके बावजूद कर्मचारी लगातार गांव में पहुंचकर कर्जदारों से वसूली की कोशिश कर रहे हैं, जिससे किसानों और ग्रामीण परिवारों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है.
गांव वालों ने कहा कि जबरन वसूली की यह रवायत बंद होनी चाहिए. उनका आरोप है कि कर्ज वसूलने के लिए बनाया जा रहा दबाव लोगों को परेशान कर रहा है. ग्रामीणों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर आगे भी इसी तरह वसूली जारी रही और उसके दबाव में आकर किसी किसान ने कोई गलत कदम उठाया या आत्महत्या की, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित माइक्रो फाइनेंस कंपनी की होगी.
घटना के बाद इलाके में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है. ग्रामीणों ने मांग की है कि कर्ज वसूली के नाम पर किसी भी तरह का दबाव या जबरदस्ती नहीं होनी चाहिए और कंपनियों को संवेदनशील तरीके से काम करना चाहिए. फिलहाल, इस घटना का वीडियो और तस्वीरें भी स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के नॉर्थ-साउथ ब्लॉक में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम, मोदी कैबिनेट की मंजूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं