उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में प्रेम संबंध का विरोध करने पर एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी 55 वर्षीय मां की कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया हैं.
20 नवंबर की रात घर में ही की हत्या
अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान राजमणि के रूप में हुई है और उनकी हत्या 20 नवंबर की रात कोखराज थाना क्षेत्र स्थित उनके घर में की गई थी. उन्होंने बताया कि इस मामले में राजमणि की बेटी शैलजा देवी और उसके प्रेमी दिलीप कुमार सरोज को गिरफ्तार किया गया है.
परिवार के लोग मेला देखने गए थे, लौटे तो मिली लाश
पुलिस के मुताबिक 20 नवंबर की रात राजमणि का पति और परिवार के अन्य सदस्य भरवारी में दशहरा मेला देखने गए थे और जब वे वापस लौटे तो घर में राजमणि का शव मिला, जिसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था. सिंह ने बताया कि घटना की जांच के लिए पुलिस की तीन टीम गठित की गई थीं.
प्रेम संबंध का विरोध कर रही थी महिला
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान दिलीप ने पुलिस को बताया कि वह और शैलजा शादी करना चाहते थे, लेकिन राजमणि उनके रिश्ते का विरोध कर रही थीं और इसी वजह से दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची और परिवार के अन्य सदस्यों के मेला देखने जाने का फायदा उठाया.
ईंट से सिर पर कई बार किए वार
पुलिस ने बताया कि साजिश के तहत दिलीप उस समय राजमणि के घर पहुंचा, जब वह अकेली थीं और उसने ईंट से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. उसने बताया कि वारदात के बाद आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल ईंट गांव के बाहर एक तालाब के पास फेंक दी और अपने खून से सने कपड़े तथा जूते धोने के बाद मेले में चला गया.
बेटी और उसका आशिक गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक दिलीप की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट, खून से सने कपड़े और जूते तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
यह भी पढ़ें -
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं