मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के बशारतपुर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया और गोरखपुर विकास प्राधिकरण तथा नगर निगम की कुल 130.73 करोड़ रुपये लागत की 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था, विकास और सुशासन को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से रखा.
अपराधियों के लिए जेल और जहन्नुम के रास्ते खुले
मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि जो लोग जनता की सुरक्षा और शांति को चुनौती देंगे उनके लिए जेल और जहन्नुम के रास्ते खुले हैं. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश अब माफियामुक्त हो चुका है और कोई दोबारा सिर उठाने की कोशिश करेगा तो उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा.
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं. जनता को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है.
माफिया के साथ इंसेफेलाइटिस पर भी लगा अंकुश
सीएम योगी ने कहा कि बीते वर्षों में सरकार ने माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के साथ पूर्वांचल की सबसे बड़ी समस्या रहे इंसेफेलाइटिस पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है. उन्होंने याद दिलाया कि 2017 से पहले गोरखपुर और आसपास के जिले इस बीमारी से प्रभावित रहते थे, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और मासूम बच्चों की जान बचाई जा रही है.
युवाओं और महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है और अगले एक वर्ष में एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किलिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं.
महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अगले दो महीने में 50 हजार छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी. मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अब तक पांच लाख बेटियों का विवाह कराया जा चुका है. वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है.
गोरखपुर के बदलते स्वरूप की चर्चा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गोरखपुर में बेहतर सड़कें, चौड़ी फ्लाईओवर परियोजनाएं, एम्स, सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाएं, पुनर्जीवित खाद कारखाना और विश्वविद्यालयों का नेटवर्क विकास की नई कहानी लिख रहे हैं. रामगढ़ताल पर्यटन का बड़ा केंद्र बन चुका है और शहर में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए कई परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूरी की गई हैं.
पुराने राजस्व मामलों पर सख्ती
लखनऊ में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने 5 वर्ष से अधिक पुराने राजस्व मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि "तारीख पर तारीख" की परंपरा खत्म करनी होगी और आम नागरिकों को न्याय के लिए वर्षों तक भटकना नहीं पड़ना चाहिए.
जनशिकायतों के गलत निस्तारण पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने आईजीआरएस और जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों के गलत निस्तारण पर नाराजगी जताई. उन्होंने निर्देश दिया कि असंतुष्ट मामलों की दोबारा जांच हो और जहां गलत तरीके से प्रकरण बंद किए गए हैं वहां संबंधित जिलाधिकारी या पुलिस कप्तान से पांच दिन के भीतर जवाब मांगा जाए.
त्योहारों और कानून व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश
जन्माष्टमी, विश्वकर्मा पूजा और गणेश चतुर्थी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मथुरा-वृंदावन में विशेष भीड़ प्रबंधन योजना बनाने के निर्देश दिए. वृंदावन में नया पुलिस सर्किल बनाने और मथुरा तथा वृंदावन के लिए अलग-अलग जॉइंट मजिस्ट्रेट तैनात करने को कहा गया है.
उन्होंने गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन तारों और उफनती नदियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. साथ ही गो-तस्करी, धर्मांतरण, धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाओं और माफिया गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखने को कहा.
अपराध के आंकड़ों में कमी
समीक्षा बैठक में बताया गया कि 13 जुलाई से 23 अगस्त के बीच गंभीर अपराधों में 5.1 प्रतिशत, महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 3.9 प्रतिशत और अनुसूचित जाति एवं जनजाति के खिलाफ अपराधों में 11.2 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है. मुख्यमंत्री ने महिला और बाल अपराधों में त्वरित तथा संवेदनशील कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें- ब्लॉग: रक्षाबंधन पर दिखी यूपी में कानून-व्यवस्था की ताकत, दूसरे राज्यों की भी अपनाना चाहिए योगी का ये मॉडल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं