मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को फिरोजाबाद में 658 करोड़ से रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को चाबी और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र व चेक का वितरण भी किया. कार्यकम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा, ''कांग्रेस, समाजवादी पार्टी बहुजन समाज पार्टी के लोग अंधेरे में रहने के आदी थे, क्योंकि अंधेरे में ही इनकी डकैती कुशलतापूर्वक पड़ जाती थी, इसलिए ये नहीं चाहते थे कि बिजली आए.''
मुख्यमंत्री ने कहा, पहले होली, दीवाली, विजयादशमी कोई भी पर्व त्योहार आता था तो हम देखते थे चीन के बने उत्पाद ही मार्केट में पहुंचते थे. यहां के कारीगरों ने नई तकनीक ली. अब परिणाम है कि कोई भी आयोजन होता है, या कोई अतिथि आता है तो ग्लास की सुंदर मूर्ति, प्रतिकीर्ति देखकर अभिभूत रह जाता है. राम दरबार, बुद्ध की प्रतिमा, गणपति की प्रतिमा, राधा कृष्ण की प्रतिमा, भगवान शिव की प्रतिमा शानदार बनाते हैं, यह है कला. 2017 के पहले इस कला को प्रोत्साहन नहीं था, प्लेटफॉर्म नहीं था.
सीएम ने फिरोजाबाद के लोगों को किया आश्वस्त
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, ''जब भी सनातन धर्म की बात होती है, हर सनातन धर्मावलंबी फिरोजाबाद की चूड़ियों की ओर देखता है. सुहाग की नगरी को यहां का उद्यमी नई ऊंचाई दे रहा है. मैं आश्वस्त करता हूं, यह डबल इंजन की सरकार उन्हें हर प्रकार से प्रोत्साहन उपलब्ध करवाएगी.''
'समाजवादी पार्टी के एजेंडे में विकास है ही नहीं'
कहा कि समाजवादी पार्टी के एजेंडे में विकास है ही नहीं. समाज को बांटना, गुंडागर्दी को प्रोत्साहित करना, विकास की हर योजनाओं में रोड़े अटकाना, किसी पर्व त्योहार के पहले आयोजित होने वाले उत्सव को उपद्रव में बदल देना. 2017 के पहले क्या हालात थे? आज आप देख रहे होंगे यह डबल इंजन की सरकार वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन दे रही है, और समाजवादी पार्टी देती थी वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया.
'अब नो कर्फ्यू नो दंगा, यूपी में है सब चंगा'
योगी ने कहा कि हर जिले का एक चिन्हित माफिया था, वह अराजकता फैलाता था. गरीब के मकान, जमीन पर कब्जा करता था, अपने गुर्गों के माध्यम से व्यापारियों से चौथ वसूली करता था. इसमें वो सीना तानकर प्रदेश में उपद्रव करते थे. आज हमारा प्रदेश माफिया मुक्त है, गुंडा मुक्त है और उपद्रव से मुक्त है. अब नो कर्फ्यू नो दंगा, यूपी में है सब चंगा. जब होता है चंगा तो उपद्रव नहीं उत्सव होते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा, ''ये समाजवादी पार्टी रामनवमी पर विरोध करती ही थी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मनाने पर भी रोक लगाती थी, कावड़ यात्रा पर रोक लगाती थी. गरीब कोई कोई सुविधा नहीं थी, न ही बिजली थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं