विज्ञापन

बम बनाने वालों को शिवभक्तों की 'बम-बम' से होती थी दिक्कत; गाजियाबाद में कांग्रेस-सपा पर बरसे सीएम योगी

गाजियाबाद में 868 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें शिवभक्तों की ‘बम-बम’ से दिक्कत होती थी. उन्होंने कांवड़ यात्रा, राम मंदिर और यूपी के विकास कार्यों का भी जिक्र किया.

बम बनाने वालों को शिवभक्तों की 'बम-बम' से होती थी दिक्कत; गाजियाबाद में कांग्रेस-सपा पर बरसे सीएम योगी
गाजियाबाद में सीएम योगी का बड़ा बयान: ‘बम बनाने वालों को शिवभक्तों की बम-बम से होती थी दिक्कत’, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
गाजियाबाद:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद में कहा कि कांग्रेस व सपा के मुंह से आस्था की बात हास्यास्पद लगती है. इन लोगों ने कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई थी. इन्हें व्यापारी पर बम फेंकने और कट्टा बम बनाने पर आपत्ति नहीं होती थी, लेकिन हर-हर, बम-बम बोलकर चलने वाले शिवभक्तों पर आपत्ति होती थी. सीएम ने अपना कुर्ता दिखाया और कहा कि इन्हें इस केसरिया रंग से चिढ़ होती थी. यह वही लोग हैं, जिन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रामनवमी की शोभायात्रा और दुर्गा पूजा के पंडालों पर रोक लगाई थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद में मुरादनगर व मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए 868 करोड़ की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे.

दंगा न होने की गारंटी मैंने ली : सीएम योगी

सीएम ने 2017 में कांवड़ यात्रा की बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि पुराने शासनादेश में था कि कांवड़ यात्रा से दंगे हो सकते हैं, इसलिए इसे रोका जाना चाहिए. यदि कुछ लोग यह यात्रा निकालते हैं तो उन्हें घंट-घड़ियाल, शंख आदि बजाने से रोका जाना चाहिए. मैंने अधिकारियों से इसकी तैयारी के बारे में पूछा तो पता चला कि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से निकल जाएगी. मैंने कहा कि यह देवाधिदेव महादेव के प्रति समर्पण रखने वाले शिवभक्तों की यात्रा है. दलित, वंचित, पिछड़ी जाति समेत हर तबके का व्यक्ति भगवान शिव की भक्ति में लीन होकर इस यात्रा में जाता है. हम उन्हें सुरक्षा व सुविधा देंगे, कोई प्रतिबंध नहीं होगा. दंगा न होने की गारंटी मैंने ली, क्योंकि सच्चा भक्त कभी अनुशासनहीनता नहीं करता. वह मर्यादा में चलता है क्योंकि समरसता उसके जीवन का हिस्सा है.

सीएम ने कहा कि अब देश के अंदर सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा हरिद्वार से गाजियाबाद तक की निकलती है. देश और विदेश से लोग इसे देखने आते हैं, क्योंकि यह भारत में ही संभव है. आस्था को न समझने वाले राम मंदिर, कांवड़ यात्रा व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रोक लगाते थे. अब कांवड़ यात्रा को कोई रोक नहीं सकता है. बहुत शीघ्र फिर से कांवड़ यात्रा आने वाली है. सभी कांवड़ संघों व शिवभक्तों से अपील की कि इस आयोजन की मर्यादा, अनुशासन को बनाए रखना है. किसी विरोधी को अवसर नहीं देना है. प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाएं, सरकार भव्य कांवड़ यात्रा निकालने का प्रबंध कराएगी. अब तो गाजियाबाद से हरिद्वार तक कांवड़ मार्ग भी बन गया है.

सीएम ने आस्था के सम्मान का जिक्र कर कहा कि दुग्धेश्वर नाथ मंदिर कॉरिडोर, पुरा महादेव में आदियोगी की भव्य प्रतिमा-कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के साथ ही नई अयोध्या, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, मां विंध्यवासिनी धाम आदि पवित्र तीर्थ स्थल फिर से जगमगा रहे हैं. सपा व कांग्रेस वाले आस्था को वोटबैंक के लिए भुनाना चाहते हैं.

सीएम ने कहा कि गाजियाबाद अपनी खुद की पहचान रखने वाला, भगवान दुग्धेश्वर नाथ का पावन जनपद है. हस्तशिल्प के लिए जगविख्यात गाजियाबाद की स्थिति एक दशक पहले क्या थी. यह दिल्ली का प्रवेश द्वार था, लेकिन इसका नाम लेने से लोग भयभीत होते थे. यहां आने का साहस नहीं करते थे. गंदगी पहचान थी और यहां की गुंडागर्दी पर फिल्में बनती थीं. 10 वर्ष पहले यहां की अराजकता, गुंडागर्दी और गैंगवार को आपने देखा है परंतु अब गाजियाबाद सुशासन के मॉडल के तहत पहचान बना रहा है. अब गाजियाबाद पर फिल्में नहीं बनतीं, बल्कि यहां हरिनंदीपुरम कॉलोनी आती है. अब स्वच्छता रैंकिंग में भी गाजियाबाद का स्थान होता है.

'सपा ने कहा था हमें रैपिड रेल नहीं चाहिए; दिल्ली-मेरठ के बीच पहली रैपिड रेल चल रही है'

सीएम ने कहा कि जिस दूरी को तय करने में घंटों लगते थे, आज मात्र कुछ मिनट में वह दूरी तय होती है. गाजियाबाद में बेहतरीन सड़कें हैं. नगर निगम ने साफ-सफाई की शानदार व्यवस्था की है. दिल्ली-मेरठ के बीच पहली रैपिड रेल चल रही है. यह प्रस्ताव मेरे मुख्यमंत्री बनने से पहले से चल रहा था, लेकिन सपा सरकार ने नकार दिया था कि हमें रैपिड रेल नहीं चाहिए.

बतौर मुख्यमंत्री मैंने पूछा कि पिछली सरकारों ने क्या निर्णय किया है तो पता चला कि उन्होंने इस पर नकारात्मक रूप से लिखा है. मैंने इसकी आवश्यकता पर जोर दिया तो अधिकारियों ने बताया कि इसमें 32 हजार करोड़ रुपए लगेगा और इसमें राज्य व केंद्र सरकार बराबर पैसा देगी. सब सशंकित थे, लेकिन मैंने कहा कि राज्य सरकार पैसा देगी.

आज लगता है कि 2017 में निर्णय लेकर हमने अच्छा किया. मेरठ से दिल्ली की तीन घंटे की दूरी अब 40 मिनट में तय हो रही है. मोदीनगर व मुरादनगर की दूरी और भी कम हुई है.

'सुशासन का मॉडल'

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 12 वर्ष में देश को सुशासन का मॉडल दिया है. जब कानून का राज होता है, तब सुशासन आता है. कानून के राज के लिए अपराध व अपराधियों के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति कारगर होती है. जहां सुरक्षा होगी, वहां सुशासन आएगा, जहां सुशासन होगा, वहां समृद्धि आएगी, जहां समृद्धि आएगी, वहां विकास, निवेश, रोजगार का सृजन होगा, जिससे नौजवानों के हाथों को काम मिलेगा. गाजियाबाद एनसीआर व दिल्ली के ग्रोथ इंजन के रूप में भूमिका का निर्वाह कर रहा है.

'गरीबों के पैसों पर डकैती डालते थे कांग्रेस व सपा के लोग'

सीएम ने कहा कि जब आपने अच्छे जनप्रतिनिधियों को चुना तो परिणाम सामने है. आज की नई योजनाएं यहां की गति को और बढ़ाएगी. 2017 के पहले शासन करने वाले लोग 12 बजे सोकर उठते थे. 2 बजे तैयार होते थे, खाने-पीने के बाद उनके जिम जाने का समय हो जाता था. वहां से आते ही उनकी मंडली देर रात तक सजी रहती थी तब प्रदेश में दंगा, कर्फ्यू लगता था. सरकार की नीति-नीयत न होने से निवेश और रोजगार नहीं आ पाता था.

सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार में प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि 100 में से 15 पैसा ही नीचे पहुंचता था. सीएम ने कहा कि शेष 85 पैसा वही था, जिसे जनता ने टैक्स के रूप में दिया था. इससे छात्रवृत्ति, पेंशन, गरीबों का मकान, स्वास्थ्य बीमा कर उनके चेहरे पर मुस्कान लाई जा सकती थी. यह लोग यदि उस पैसे को जमीन पर उतारते तो हाईवे, मेट्रो, एयरपोर्ट बन सकता था, लेकिन धरातल पर उतरने से पहले ही कांग्रेस व सपा के लोग इस 85 पैसे पर डकैती डालते थे, जिससे गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था.

सीएम ने कहा कि एनसीआर बता रहा है कि विकास कैसे होता है. पहली रैपिड रेल, 12 लेन का एक्सप्रेसवे चल रहा है. गंगा एक्सप्रेसवे को जल्द ही मेरठ से हरिद्वार के बीच जोड़ा जाएगा. गाजियाबाद वालों को अब हिंडन में ही वायुसेवा प्राप्त है. ईस्टर्न-वेस्टर्न पेरिफेरलवे का निर्माण हो चुका है. पीएम मोदी ने यूपी के पांचवें (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर) का लोकार्पण किया है. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे भी पहचान दिला रहा है. विकास की यह कड़ी भावी पीढ़ी के लिए ग्रोथ इंजन के रूप में नई पहचान बनने जा रही है. यहां से कुछ दूरी पर यमुना अथॉरिटी में फिल्म सिटी, अपरैल पार्क, ट्वाय पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, देश की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक सिटी के निर्माण कर युवाओं के लिए रोजगार लेकर आ रहे हैं.

यह भी पढ़ें : पीएम सूर्य घर योजना : यूपी ने मारी बाजी; 6.74 लाख से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम, देशभर में दूसरा स्थान

यह भी पढ़ें : मानसून सत्र 2026; DMK को पाले में लाने के लिए राहुल ने खुद संभाला मोर्चा, संसद के शक्ति परीक्षण में सबकी नजरें

यह भी पढ़ें : यूपी की घोसी, दुद्धी और फरीदपुर सीटों पर नहीं होंगे उपचुनाव, मुख्य चुनाव आयुक्त ने क्या कहा जानिए?

यह भी पढ़ें : बालोद में मैजिक पिट का कमाल: ग्रे-वॉटर मैनेजमेंट से बदल रही गांवों की तस्वीर, स्वच्छता के साथ जल संरक्षण भी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CM Yogi Adityanath, Ghaziabad News, Kanwar Yatra, SP Congress, Uttar Pradesh Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com