विज्ञापन

"P की परिभाषा एक दिन पाकिस्तान कर देंगे"; कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर योगी का विपक्ष पर हमला, गिरगिट से तुलना

लखनऊ में हिंदू गौरव दिवस कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी और सपा पर हमला बोला. योगी ने राम मंदिर आंदोलन, शिक्षा सुधार और कल्याण सिंह की राजनीतिक विरासत का उल्लेख किया.

"P की परिभाषा एक दिन पाकिस्तान कर देंगे"; कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर योगी का विपक्ष पर हमला, गिरगिट से तुलना
कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर योगी का अखिलेश पर हमला, बोले- P की परिभाषा एक दिन पाकिस्तान भी कर देंगे

लखनऊ में आयोजित पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि और 'हिंदू गौरव दिवस' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां कल्याण सिंह के योगदान को याद किया, वहीं विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखे सवाल भी खड़े किए. मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह ने भगवान राम और सनातन आस्था के सम्मान के लिए सत्ता तक की परवाह नहीं की. उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याण सिंह के निधन के समय समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उन्हें उचित श्रद्धांजलि तक नहीं दी. अपने संबोधन में योगी ने राम मंदिर आंदोलन, शिक्षा सुधार, सामाजिक सम्मान और राजनीतिक आचरण जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया.

"सत्ता जाती है तो जाए, भगवान राम का अपमान स्वीकार नहीं"

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह का जीवन राष्ट्र और सनातन मूल्यों के प्रति समर्पित रहा. उन्होंने कहा कि जब राम मंदिर आंदोलन अपने निर्णायक दौर में था तब कल्याण सिंह ने स्पष्ट कहा था कि "सत्ता जाती है तो जाए लेकिन भगवान राम का अपमान स्वीकार नहीं होगा." योगी ने कहा कि राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने में कल्याण सिंह की भूमिका इतिहास के पन्नों में हमेशा दर्ज रहेगी. उन्होंने कहा कि बाबूजी ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया.

‘P की परिभाषा पाकिस्तान भी कर देंगे'

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि कुछ लोग परिस्थितियों के अनुसार अपने राजनीतिक अर्थ बदलते रहते हैं. उन्होंने कहा, "गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग कभी पी की परिभाषा पिछड़ा बताते हैं, कभी पंडित. कभी न कभी ये पी की परिभाषा पाकिस्तान भी बता देंगे." योगी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अलग विषय हो सकते हैं, लेकिन किसी वरिष्ठ नेता के निधन पर श्रद्धांजलि देना सामान्य शिष्टाचार और लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा होता है.

"बाबूजी को श्रद्धांजलि तक नहीं दी"

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह के निधन के समय विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे. उन्होंने विशेष रूप से बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती का उल्लेख करते हुए कहा कि वे श्रद्धांजलि देने आई थीं. योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेताओं ने न केवल अंतिम यात्रा में भाग नहीं लिया, बल्कि शब्दों के माध्यम से भी श्रद्धांजलि व्यक्त नहीं की. उन्होंने कहा, "यह केवल बाबूजी का नहीं, बल्कि एक सामाजिक वर्ग और सनातन समाज का भी अपमान था."

नाम बदलने के आरोपों का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान विभिन्न संस्थानों के नाम परिवर्तन का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि कन्नौज में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने अस्पताल से उनका नाम हटाया गया. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि मैनपुरी में अहिल्याबाई होलकर के नाम पर स्थापित कॉलेज का नाम भी बदला गया था. योगी ने कहा कि महापुरुषों और राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान का सम्मान होना चाहिए और राजनीतिक कारणों से उनके नामों के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए.

शिक्षा सुधारों का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कल्याण सिंह ने अपने कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए थे. उन्होंने कहा कि नकल माफियाओं पर लगाम लगाने के लिए सख्त कानून लाने का काम भी कल्याण सिंह सरकार ने किया था. योगी ने कहा कि उनका योगदान केवल राजनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि समाज और शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही.

यह भी पढ़ें : बम बनाने वालों को शिवभक्तों की 'बम-बम' से होती थी दिक्कत; गाजियाबाद में कांग्रेस-सपा पर बरसे सीएम योगी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CM Yogi Adityanath, Kalyan Singh, Akhilesh Yadav, Lucknow, Uttar Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com