विज्ञापन
This Article is From Aug 04, 2017

सावधान! डाकिया आपके जरूरी कागजात को कबाड़ी के यहां बेच सकता है...

ये कागजात अगर पुलिस के हाथ नहीं लगते तो वो लोग शायद इंतजार की करते रह जाते जिनके पास इन्‍हें पहुंचना था. क्योंकि डाक विभाग के कर्मचारियों की निगाह में ये कूड़ा था.

सावधान! डाकिया आपके जरूरी कागजात को कबाड़ी के यहां बेच सकता है...
वाराणसी: वाराणसी पुलिस ने एक ऐसी घटना का खुलासा किया है जिसमें लोगों के जरूरी कागजात, पत्र और सूचनाएं जो डाकघर से निकल कर उनके घरों तक पहुंचनी चाहिये थी वो कबाड़ी की दुकान पर पहुंच जाती थीं. इस काम को कोई और नहीं बल्कि वहीं के डाकिया अंजाम दिया करते थे. पुलिस ने एक शख्स को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. उसके पास से जरूरी कागजातों की दो बोरियां बरामद हुई हैं जिनमें 300 चिठ्ठियों के साथ, डीएम, एसएसपी और अदालत से भेजे गये जरूरी कागज़ात तक थे.

ये कागजात अगर पुलिस के हाथ नहीं लगते तो वो लोग शायद इंतजार की करते रह जाते जिनके पास इन्‍हें पहुंचना था. क्योंकि डाक विभाग के कर्मचारियों की निगाह में ये कूड़ा था और वो पैसा कमाने के लालच में इसे कबाड़ी के यहां बेच दिया करते थे. वाराणसी के एसपी सिटी दिनेश सिंह इस बाबत बताते हैं, 'गुरुवार शाम को कैंट थाने से एक ऐसा मुल्जिम पकड़ा गया है जिसके पास से पोस्ट ऑफिस की बहुत महत्वपूर्ण डाकें मिली हैं जिसे वो कबाड़ी के पास बेचने के लिये पहुंच गया. सूचना मिलने पर कैंट थाने की फ़ोर्स पहुंची और मौके से इस शख्‍स को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार करने के बाद जब देखा गया तब दोनों बोरियों में कोर्ट के तमाम आर्डर हैं जो जनरल डाक से आते हैं वो पड़े हुए हैं, राखियां पड़ी हुई हैं, बैंक के कागजात पड़े हैं. लोगों के महत्वपूर्ण कागजात पड़े हैं. ये लोगों के साथ बहुत ही बड़ा धोखा है.'

पुलिस में मुताबिक़ पकड़ा गया आरोपी 2003 से पोस्टमैन था और डाक बेचने का खेल कई वर्षों से कर रहा था. उसके पास अपने इलाके के अलावा बनारस के दूसरे मुहल्लों के भी डाक बरामद हुए हैं. डाक बेचने की शिकायत पहले भी की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. गुरुवार को जब ये डाक लेकर निकला तो कुछ लोगों ने इसका पीछा किया और वो सीधे कबाड़ी के यहां पहुंच गये. तब पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने जब वहां पहुंच कर थैले को पलटा तो उसके होश उड़ गये क्योंकि उसमें रजिस्टर्ड डाक को छोड़ बाकी सभी तरह के थे जो कबाड़ी के यहां महज एक हजार रुपये पर बेंच दिए गए थे.

बहरहाल डाक विभाग की इतनी बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद अब अधिकारी कैमरे से बचते नजर आ रहे हैं पर जिस तरह से इस डाकिये की काली करतूत सामने आयी है वो बेहद शर्मनाक है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Varanasi Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com