विज्ञापन

मऊ में बसपा ने खेला पहला चुनावी दांव, मुहम्मदाबाद गोहना से इस नेता को बनाया प्रभारी प्रत्याशी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर बहुजन समाज पार्टी ने मऊ जिले की मुहम्मदाबाद गोहना (सुरक्षित) सीट से अक्षय दीप उर्फ जेके आजाद को प्रभारी प्रत्याशी घोषित कर पहला बड़ा दांव चला है. विशाल कार्यकर्ता महासम्मेलन में रविवार मुख्य अतिथि दिनेश चंद्रा ने इसकी औपचारिक घोषणा की.

मऊ में बसपा ने खेला पहला चुनावी दांव, मुहम्मदाबाद गोहना से इस नेता को बनाया प्रभारी प्रत्याशी
मऊ जिले की चारों सीटों में से बसपा ने यहां सबसे पहले अपना चेहरा स्पष्ट किया है.
NDTV

Uttar Pradesh Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी ने मऊ जिले में अपना पहला बड़ा चुनावी दांव चलते हुए मुहम्मदाबाद गोहना (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र-355 से अक्षय दीप उर्फ जेके आजाद को प्रभारी प्रत्याशी घोषित कर दिया है. मुहम्मदाबाद गोहना के पूर्वी रेलवे फाटक के नजदीक रविवार को आयोजित विशाल कार्यकर्ता महासम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यह घोषणा की गई.

सम्मेलन में मुख्य अतिथि और पूर्व एमएलसी व राज्यसभा सदस्य रहे आजमगढ़ मंडल के मुख्य प्रभारी दिनेश चंद्रा ने अक्षय दीप उर्फ जेके आजाद के नाम की औपचारिक घोषणा की. इसके साथ ही मऊ जिले की चारों विधानसभा सीटों में सबसे पहले मुहम्मदाबाद गोहना सीट पर बसपा ने अपना चुनावी चेहरा स्पष्ट कर दिया है. राजनीतिक जानकारों की मानें, तो बसपा जिस नेता को प्रभारी प्रत्याशी घोषित करती है, ज्यादातर मामलों में वही विधानसभा चुनाव का अधिकृत प्रत्याशी भी बनता है. ऐसे में इस घोषणा को जिले की चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है. इस दौरान मौसम में भी करवट ली और झमाझम बारिश भी हुई, लेकिन बहुजन कार्यकर्ताओं का कदम नहीं डिगा और सभी प्रभारी प्रत्याशी के नाम की घोषणा होने तक डटे रहे.

आजाद ने पार्टी सुप्रीमो मायावती का जताया आभार

प्रभारी प्रत्याशी घोषित होने के बाद जेके आजाद ने पार्टी सुप्रीमो बहन मायावती का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताना उनके लिए सम्मान की बात है और वह संगठन की अपेक्षाओं पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी अनुशासन आधारित संगठन है और पार्टी नेतृत्व और संगठन के निर्देशों के मुताबिक ही आगे की रणनीति तय की जाएगी.

'पार्टी में सर्वोपरि आदेश राष्ट्रीय अध्यक्ष का'

अपने संबोधन में उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि लोग कहते थे कि हाथी बैठ गया है और शांत हो गया है, लेकिन जब हाथी उठता है, तो पूरे जंगल में हलचल मच जाती है. उन्होंने आगे कहा कि आज का यह कार्यकर्ता सम्मेलन उसी ताकत का संकेत है. स्थानीय कार्यकर्ताओं की ओर से विरोध किए जाने के सवाल पर जेके आजाद ने कहा कि पार्टी में सर्वोपरि आदेश राष्ट्रीय अध्यक्ष का होता है और सभी कार्यकर्ता उसी का सम्मान करते हैं. उन्होंने कहा कि यदि किसी साथी को कोई नाराजगी है, तो संगठन के स्तर पर बैठकर बातचीत के माध्यम से सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास किया जाएगा.

यह भी पढ़ें-  MP Work Board Reconstitution: वक्फ बोर्ड का पुनर्गठन करने वाला पहला राज्य बना मध्य प्रदेश, टीम में 2 हिंदू चेहरे भी शामिल

2027 विधानसभा चुनाव के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास कराना और आम जनता की समस्याओं को सुनकर न्याय की लड़ाई लड़नी होगी. उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के दौरे में कई स्थानों पर सड़क और बुनियादी सुविधाओं की कमी देखने को मिली है, जिसे दूर कराने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा.

यह भी पढ़ें- शिवपुरी में ₹2,500 करोड़ से बनेगा सबसे बड़ा प्राइवेट मिसाइल इकोसिस्टम, 10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Assembly Election, UP Assembly Election 2027, UP News, BSP, Mayawati
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com