उत्तर प्रदेश में संगठित अपराध और माफिया तंत्र के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है. प्रयागराज पुलिस ने 2023 में हमले में मारे गए माफिया अतीक अहमद गैंग के सहयोगी और गैंगलीडर जय प्रकाश दुबे उर्फ जेपी दुबे की लगभग 25 करोड़ रुपए मूल्य की बेनामी अचल संपत्तियों को कुर्क कर दिया है. पुलिस ने यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) की धारा 14(1) के अंतर्गत पुलिस आयुक्त न्यायालय कमिश्नरेट प्रयागराज के आदेश पर की है.
मिली जानकारी के अनुसार, अतीक अहमद गैंग के सहयोगी सदस्य गैंगलीडर जय प्रकाश दुबे पुत्र हरि प्रसाद दुबे निवासी शाह उर्फ पीपलगांव, थाना एयरपोर्ट, प्रयागराज एवं स्थायी निवासी संगरमनी पट्टी थाना पवार जिला जौनपुर लंबे समय से क्षेत्र में अपनी दबंगई, भय और खौफ के बल पर लोगों को डरा-धमकाकर अवैध संपत्तियां अर्जित कर रहा था. पुलिस विवेचना के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि अभियुक्त जेपी दुबे ने अपराध जगत से कमाए गए काले धन का उपयोग करके प्रयागराज के सदर तहसील अंतर्गत विभिन्न मोजों में कीमती जमीनों की खरीद की थी.
अवैध कमाई से अर्जित की गई थी संपत्तियां
पुलिस आयुक्त न्यायालय में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने पर्याप्त साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर यह साबित कर दिया कि ये संपत्तियां अवैध कमाई से अर्जित की गई है. इन साक्ष्यों से संतुष्ट होकर पुलिस आयुक्त ने संपत्तियों को जब्त करने का आदेश जारी किया जिसके बाद कार्रवाई की गई. पुलिस और राजस्व टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए तहसील सदर क्षेत्र के चार अलग-अलग मौजों में स्थित कुल दस गाटों को कुर्क किया जिसका कुल रकबा 7482.66 वर्ग मीटर है.
जब्त की गई संपत्तियों में मौजा शाह उर्फ पीपलगांव में स्थित 530.26 वर्ग मीटर, मौजा रहीमबाद में स्थित 1960 वर्ग मीटर, मौजा कटहुला गौसपुर में स्थित 1985 वर्ग मीटर और मौजा चन्द्रभानपुर में स्थित 3007.40 वर्ग मीटर की कीमती भू-खंड शामिल है। इन सभी संपत्तियों की वर्तमान बाजारू कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी गई है.
जय प्रकाश दुबे का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है
कुर्की की कार्रवाई के बाद किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा इस संपत्ति पर अवैध कब्जे अथवा अतिक्रमण को रोकने के लिए न्यायालय के आदेशानुसार थाना प्रभारी एयरपोर्ट को इस पूरी अचल संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया गया है. पुलिस के मुताबिक, गैंग लीडर जय प्रकाश दुबे का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ प्रयागराज के एयरपोर्ट और धूमनगंज थानों में रंगदारी, धोखाधड़ी, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, एससी/एसटी एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज है.
कुर्की की इस पूरी कार्रवाई के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर एसडीएम सदर अंकित शर्मा, धूमनगंज के सहायक पुलिस आयुक्त, रवि कुमार गुप्ता, एयरपोर्ट थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश उपाध्याय, पुरामुफ्ती थाने के थानाध्यक्ष शांतनु सिंह सहित राजस्व निरीक्षक और भारी पुलिस बल मौजूद रहा. पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि अपराध से संपत्ति अर्जित करने वाले माफियाओं और उनके सहयोगियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं