विज्ञापन

मां के मुंह में तौलिया ठूंसा था, जेवर गायब थे... यूपी में IPS ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल बोले- 'आओ तमगा ले लो'

आईपीएस आशुतोष मिश्रा ने कहा क‍ि ऐसे मामलों में बिना अंतिम मेडिकल रिपोर्ट के अफवाहें फैलाई जा रही हैं. जबक‍ि इस तरह की गलत सूचनाओं का खंडन स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा समय पर किया जाना चाहिए था. ​

मां के मुंह में तौलिया ठूंसा था, जेवर गायब थे... यूपी में IPS ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल बोले- 'आओ तमगा ले लो'
आईपीएस आशुतोष म‍िश्रा की मां की मौत के मामले में सस्‍पेंड बरकरार.
  • अंबेडकरनगर स्‍थि‍त घर में मृत म‍िलीं थीं आईपीएस की बुजुर्ग मां
  • आईपीएस ने कहा- मां के मुंह में तौलिया ठूंसा था
  • आईपीएस ने अपने सीनियर अधिकारियों पर जताया भरोसा

यूपी के अंबेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष म‍िश्रा की मां की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है. आईपीएस ने मां की हत्या को लेकर पुलिस की कहानी को झूठा बताते हुए नाराजगी जताई है. उन्‍होंने बिना विसरा जांच और हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट के मौत को हार्ट अटैक करार देने वाली खबरों पर भी नाराजगी जताई. दावा क‍िया क‍ि मां के मुंह में तौलिया ठूंसा था, चेहरे पर चोट और खून के निशान थे और जेवरात गायब थे. उन्‍होंने कहा क‍ि अंबेडकर नगर पुलिस मेरे यहां दबिश देकर जेवर बरामद कर ले और तमगा ले लें. आईपीएस ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है.

अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में 16 अगस्त को इंद्रा देवी (94) का शव उनके घर के अंदर मिला था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई. एसपी प्राची स‍िंह ने बयान जारी करते हुए कहा, ''आज दिनांक 16.8.2026 को दिन में 1:13 बजे रमेश चंद्र मिश्रा नामक व्यक्ति ने थानाध्यक्ष मालीपुर को यह सूचना दी की ग्राम रूढ़ा धमरुआ के रहने वाले श्री आशुतोष मिश्रा जी की माता जी का सुबह 8:00 बजे हार्ट अटैक से निधन हो गया है, उसके पश्चात लगभग 2:30  बजे आशुतोष मिश्रा जी ने बताया कि उनको ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उनकी मां की किसी ने हत्या कर दी है और उन्होंने जो ज्वेलरी पहनी हुई थी वह अभी उनके शरीर पर मौजूद नहीं है.'' 

एसपी ने कहा, ''तत्काल घटना का संज्ञान लेते हुए फॉरेंसिक यूनिट और अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचायतनामा की कार्रवाई की गई, जिससे शरीर पर कोई भी जहीरा चोट के निशान या फाइट मार्क्स नहीं दिखे.'' 

मंगलवार की रात अंबेडकरनगर पुल‍िस ने एक्‍स पर एक खंडन जारी क‍िया, इसमें कहा गया क‍ि मामले में एफआईआर में इंगि‍त ज्‍वेलरी की बरामदगी अभी पुल‍िस द्वारा नहीं की गई है. पुल‍िस ने आवश्‍यक टीमों का गठन कर द‍िया है और लगातार प्रयास क‍िए जा रहे हैं. ज्‍वेलरी की बरामदगी होने पर न‍ियमानुसार आवश्‍यक कार्रवाई करते हुए इसकी जानकारी उपलब्‍ध कराई जाएगी. 

 

आईपीएस आशुतोष म‍िश्रा ने एडीजी और डीआईजी से की चर्चा

 
आईपीएस आशुतोष मिश्रा ने कहा क‍ि ऐसे मामलों में बिना अंतिम मेडिकल रिपोर्ट के अफवाहें फैलाई जा रही हैं. जबक‍ि इस तरह की गलत सूचनाओं का खंडन स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा समय पर किया जाना चाहिए था. ​आईपीएस आशुतोष मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों पर भरोसा जताते हुए एडीजी और डीआईजी से चर्चा की है और मामले के खुलासे के लिए अपनी विशेष टीम लगाने का अनुरोध किया है.

मायावती ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने घटना पर दुख जताते हुए सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. मायावती ने सवाल उठाया कि जब एक पुलिस अधिकारी का परिवार ही सुरक्षित नहीं है तो आमजन की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है. मायावती ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा क‍ि यूपी के ज़िला अम्बेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अफसर आशुतोष मिश्रा के लगभग 91-वर्षीय बुजुर्ग माता की हुई हत्या अति-दुखद तथा प्रदेश में क़ानून-व्यवस्था के हिसाब से अति-चिन्तनीय. ऐसी घटना को लेकर लोगों की यह आशंका वाजिब है कि जब हत्या जैसी जघन्य घटना पुलिस अधिकारी के परिवार के साथ हो सकती है तो आमजन की सुरक्षा का क्या होगा? सरकार इस घटना का उचित संज्ञान ले और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे जो यह अत्यन्त जरूरी है.” 

अखि‍लेश ने कहा- प्रदेश में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है

वहीं, सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी इसी मुद्दे पर लिखा कि अंबेडकरनगर में एक आईपीएस अधिकारी की माता जी की हत्या का दुखद समाचार आया है. प्रदेश में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, दुर्भाग्यपूर्ण. 

यह भी पढ़ें- UP में IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या, अंबेडकर नगर में घर में मिली लाश, शरीर पर के जेवर गायब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ambedkar Nagar News, Ambedkar Nagar Police, IPS Ashutosh Mishra Mother Death, IPS Ashutosh Mishra, UP News Latest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com