उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है. शुक्रवार को मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं और भाजपा सरकार कानून व्यवस्था के मामले में पूरी तरह विफल साबित हुई है. बसपा सुप्रिमो ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा, 'आगरा में छात्रा को ज़िन्दा जला देने और दूसरी छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटनाओं से स्पष्ट है कि प्रदेश में अपराधी पूरी तरह बेख़ौफ हो गये हैं'. उन्होंने कहा कि बुलन्दशहर में हाल ही में भीड़ द्वारा पुलिस अधिकारी की हत्या के बाद आगरा की ताजा घटनाओं ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में पुलिस व सरकार नाम की कोई चीज है भी या नहीं.
यूपी में बीजेपी को बड़ा झटका दे सकती है अखिलेश यादव और मायावती की यह चाल !
मायावती ने कहा, ‘इन जघन्य घटनाओं के सम्बन्ध में राज्य सरकार के रवैये व विधानसभा में भी इनके बयानों से साफ लगता है कि अपराध नियंत्रण व कानून व्यवस्था भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में कहीं है ही नहीं. इससे सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया है तथा लोगों के जानमाल की कोई कीमत नहीं बची है'. उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग करते हुये कहा कि हर पीड़ित परिवार समुचित न्याय नहीं मिल पाने के कारण आज भयभीत व आक्रोशित है. बसपा प्रमुख ने कहा कि बुलन्दशहर हिंसा में शहीद हुये पुलिस अधिकारी एस के सिंह के मुख्य अभियुक्तों का आज लगभग तीन सप्ताह बाद भी गिरफ्तार नहीं हो पाना यह साबित करने को काफी है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था के मामले में कितनी विफल साबित हो रही है. (इनपुट- भाषा से भी)
VIDEO: मायावती ने कहा कि बीजेपी से जनता परेशान थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं