विज्ञापन

मोदीनगर BJP मंडल अध्यक्ष के ससुर की चाकू गोद कर हत्या, पति-पत्नी के विवाद में दामाद ही बना कातिल

गाजियाबाद के मोदीनगर में बीजेपी नेता के ससुर की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप उनके दूसरे दामाद पर लगा है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चला रही है.

मोदीनगर BJP मंडल अध्यक्ष के ससुर की चाकू गोद कर हत्या, पति-पत्नी के विवाद में दामाद ही बना कातिल
मोदीनगर में भाजपा नेता के ससुर की चाकू से गोदकर हत्या.
NDTV
  • गाजियाबाद के मोदीनगर में भाजपा मंडल अध्यक्ष के ससुर अनार सिंह की चाकू मारकर हत्या हुई, आरोपी दामाद संदीप है.
  • विवाद के दौरान संदीप ने चाकू से हमला किया, गंभीर घायल अनार सिंह को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई.
  • वारदात में आरोपी की पत्नी मोनिका भी घायल हुई, घटना का CCTV फुटेज सामने आया है जिसमें आरोपी घर में घुसता दिखा.
गाजियाबाद:

गाजियाबाद के मोदीनगर में भाजपा मंडल अध्यक्ष के ससुर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है. मिली जानकारी के अनुसार मोदीनगर की फफराना रोड पर बीजेपी मंडल अध्यक्ष के ससुर अनार सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. उनकी हत्या का आरोपी दामाद पर लगा है. काफी समय से दामाद और उनके बीच विवाद चल रहा था. गुरुवार रात उनके बीच फिर से कहासुनी हुई, इसी बीच भाजपा नेता के साडू ने ससुर पर चाकू से हमला कर दिया. 

गाजियाबाद के हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत

इस हमले में भाजपा नेता के ससुर बुरी तरह से घायल हो गए. उन्हें घायल अवस्था में इलाज के लिए गाजियाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. हत्यारोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है. मौके पर फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई.

पति-पत्नी के विवाद में गई ससुर की जान

गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र की ब्रह्मपुरी कॉलोनी में गुरुवार रात बीजेपी नेता के ससुर की हत्या का मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. बीजेपी नेता के ससुर की हत्या उनके दूसरे दामाद ने की. जो पत्नी से नाराज होकर चाकू लेकर ससुराल पहुंचा था, बीच-बचाव करने आए अपने ससुर पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया. 

सीसीटीवी फुटेज में घर में आता दिखा आरोपी

गंभीर रूप से घायल ससुर की शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि हमले में आरोपी की पत्नी भी घायल हो गई. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुसता दिखाई दे रहा है.

पति से झगड़े के बाद तीन दिन से मायके में थी महिला

पुलिस के अनुसार फफराना रोड, ब्रह्मपुरी निवासी अनार सिंह शर्मा (62) गुरुवार रात अपने घर पर मौजूद थे. उनकी बेटी मोनिका अपने पति संदीप चौधरी से हुए विवाद के बाद पिछले तीन दिनों से मायके में रह रही थी. देर रात करीब 10 बजे संदीप चाकू लेकर ससुराल पहुंचा और पत्नी के साथ गाली-गलौज करने लगा. 

शोर-शराबा सुनकर अनार सिंह बीच-बचाव के लिए आए और दामाद को वहां से जाने के लिए कहा. इसी बात पर आरोपी आपा खो बैठा और उसने अनार सिंह पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए.

बीच-बचाव करने आए लोगों पर किया हमला

हमले के दौरान मोनिका समेत परिवार के अन्य सदस्य बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने हमला जारी रखा. इस दौरान मोनिका के हाथ में भी चोट आई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. परिजन गंभीर रूप से घायल अनार सिंह को तत्काल यशोदा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही जांच

सूचना मिलते ही डायल-112 और मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. सामने आए CCTV फुटेज में आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में प्रवेश करता, गेट बंद करतानजर आ रहा है.पुलिस फुटेज के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है.

18 साल पहले प्रेम विवाह, पति-पत्नी में कलह

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी संदीप चौधरी और मोनिका का विवाह करीब 18 वर्ष पहले प्रेम विवाह के रूप में हुआ था. हालांकि हाल के दिनों में दोनों के बीच लगातार घरेलू विवाद चल रहा था. तीन दिन पहले हुए झगड़े के बाद मोनिका मायके आ गई थी और तभी से दोनों के बीच तनाव बना हुआ था.

आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस दे रही दबिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पर आरोपी ने अपने ससुर पर चाकू से हमला किया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई. पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें - शादियों में महिलाओं की फोटो खींच AI से बनाता था अश्लील वीडियो, मोबाइल में मिलीं 1000 क्लिप्स, अरेस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ghaziabad, Ghaziabad Crime, Modinagar, BJP Leader, BJP Leader News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com