उत्तर प्रदेश पुलिस को रविवार की देर रात बड़ी सफलता मिली. बिहार का कुख्यात और 1.25 लाख रुपये का इनामी अपराधी लल्लन सिंह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. सहारनपुर के सरसावा-नकुड़ मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल बदमाश को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं.
पुलिस के मुताबिक, लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला था. वह उत्तर प्रदेश और बिहार में कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित था. उसकी गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा एक लाख रुपये, जबकि चंदौली पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
जानकारी के मुताबिक, एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सरसावा-नकुड़ रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी, इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों से पुलिस का सामना हो गया. पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में लल्लन सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर किया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बेहद शातिर अपराधी था लल्लन सिंह
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लल्लन सिंह बेहद शातिर अपराधी था. उसके खिलाफ हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट, हथियार लूट और पुलिसकर्मियों पर हमले समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे. वह सात लोगों की हत्या के मामलों में वांछित था. मृतकों में दो पुलिस उपनिरीक्षक, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे.
पुलिसकर्मी को गोली मारकर लूट ली थी सरकारी पिस्टल
वर्ष 2022 में वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने की सनसनीखेज घटना में भी उसका नाम सामने आया था. इसके अलावा चंदौली में हुई फायरिंग और लूट की घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता पाई गई थी. पुलिस के मुताबिक, वह अपने भाइयों और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई राज्यों में आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था.
फरार बदमाश की तलाश में दबिश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लल्लन सिंह के मारे जाने से संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है. वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.
यह भी पढ़ें- UP News: सहारनपुर सड़क हादसे में उजाड़ा पूरा परिवार; मां-बहन और मासूम बेटी समेत चार की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं