विज्ञापन

UP: घाघरा नदी में डूबे 5 दोस्‍त, ग्रामीणों ने जान की बाजी लगाकर दो को बचाया, एक का शव म‍िला

बहराइच के महसी इलाके में घाघरा नदी में नहाने गए 5 दोस्तों के डूबने के मामले में देर रात बड़ा अपडेट आया है. अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी के अनुसार, SDRF और स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. दो अन्य लापता युवकों की तलाश अभी भी जारी है.

UP: घाघरा नदी में डूबे 5 दोस्‍त, ग्रामीणों ने जान की बाजी लगाकर दो को बचाया, एक का शव म‍िला
बहराइच में घाघरा नदी हादसा: नहाते समय डूबे पांच दोस्त

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के महसी इलाके में घाघरा नदी में नहाने गए पांच दोस्तों के डूबने की दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. बुधवार दोपहर को मुंसारी के कोढवा गांव के पास हुए इस हादसे में ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, जबकि तीन युवक तेज बहाव में लापता हो गए थे. मामले में देर रात पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने आया है, जिसके मुताबिक रेस्क्यू टीम ने एक युवक का शव बरामद कर लिया है. (सलीम सिद्दकी की र‍िपोर्ट)

नहाते समय गहरे पानी में समाए दोस्त

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे गोलू जायसवाल (22), सूरज जायसवाल (19), मोहित यादव (25), राजकुमार (24) और शिवम सिंह (22) एक साथ घाघरा नदी में नहाने के लिए उतरे थे. नहाने के दौरान अचानक सभी दोस्त गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे.

चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में छलांग लगा दी. ग्रामीणों ने सूझबूझ और कड़ी मशक्कत से राजकुमार और शिवम सिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन गोलू, सूरज और मोहित गहरे पानी के तेज बहाव में लापता हो गए. घटना की सूचना मिलते ही हरदी थाना प्रभारी आलोक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया.

घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया क‍ि "घाघरा नदी में युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम को तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया था. देर रात्रि SDRF और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीम ने नदी से एक युवक की लाश बरामद कर ली है. नदी में लापता अन्य दो युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है."

परिजनों में कोहराम, सर्च ऑपरेशन जारी

हादसे की खबर मिलते ही प्रभावित परिवारों में कोहराम मच गया है और घाट पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. देर रात एक शव मिलने के बाद प्रशासन बाकी दो युवकों को ढूंढने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है और गोताखोर लगातार नदी के बहाव वाले क्षेत्रों में तलाश कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ें- UP के बांदा में भीषण एक्‍सीडेंट, 3 माह के बच्‍ची समेत 6 की मौत, ई-रिक्शा पर पलटा ट्रक

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com