विज्ञापन

UP के बांदा में भीषण एक्‍सीडेंट, 3 माह के बच्‍ची समेत 6 की मौत, ई-रिक्शा पर पलटा ट्रक

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक बेकाबू मौरंग लदे ट्रक ने कहर बरपाया है. बिसंडा थाना क्षेत्र में ट्रक ने पहले एक वाहन को टक्कर मारी और भागने के प्रयास में एक ई-रिक्शा पर पलट गया. इस खौफनाक हादसे में 3 महीने की मासूम बच्ची समेत 6 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.

बांदा में भीषण सड़क हादसा: बाइक को टक्कर मार ई-रिक्शा पर पलटा मौरंग लदा ट्रक, 3 महीने की बच्ची सहित 6 की मौत, 4 गंभीर.
  • बेकाबू ट्रक ने पहले टक्कर मारी और फिर भागने के प्रयास में एक ई-रिक्शा के ऊपर पलट गया.
  • बांदा एक्‍सीडेंट में 3 लोगों की मौके पर और 2 की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
  • हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें एक 3 महीने की मासूम बच्ची भी शामिल है.

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक बेहद ही हृदयविदारक और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन रोड पर एक भीषण सड़क हादसे में 3 महीने की मासूम बच्ची समेत 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4 लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं. हादसा इतना खौफनाक था कि मौरंग (बालू) से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले टक्कर मारी और फिर पकड़े जाने के डर से भागने के प्रयास में सीधे एक ई-रिक्शा के ऊपर पलट गया. (मनीष कुमार मिश्रा की र‍िपोर्ट)

पहले मारी टक्कर, फिर भागने के प्रयास में हुआ बड़ा हादसा

बांदा के डीआईजी राजेश एस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौरंग से लदा एक ट्रक जौनपुर की तरफ जा रहा था. रास्ते में ट्रक ने सबसे पहले एक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. एक्सीडेंट करने के बाद ड्राइवर ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश करने लगा. स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा करते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया. इसी आपाधापी में बेकाबू हुआ ट्रक आगे जाकर सड़क पर चल रहे एक ई-रिक्शा के ऊपर ही पलट गया.

मलबे के नीचे दबी मासूम जिंदगियां, चीख-पुकार से कांपा इलाका

कई टन वजनी मौरंग और भारी-भरकम ट्रक के नीचे आने से ई-रिक्शा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर मौरंग और मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया. लेकिन हादसा इतना भयावह था कि 3 लोगों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर जान चली गई.

प्रशासन में हड़कंप, इलाज के दौरान 2 और ने तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. जिला अधिकारी और डीआईजी समेत तमाम आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में मलबे से निकाले गए गंभीर घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान 2 और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे कुल मृतकों की संख्या 6 हो गई है.

हादसे में घायल हुए 4 अन्य लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिनमें एक 3 महीने की मासूम बच्ची भी शामिल है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया जा रहा है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी जांच व आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

लेखक के बारे में
img
विश्वनाथ सैनी
Deputy News Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Banda Accident, Uttar Pradesh Accident, Banda Road Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com