- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब ट्रस्ट के खातों तक पहुंच गई है
- एसआईटी ट्रस्ट द्वारा प्राण प्रतिष्ठा आयोजन, महाकुंभ व्यवस्था और ध्वजारोहण के खर्चों की गहन जांच करेगी
- जांच में राम मंदिर ट्रस्ट के ऑडिट रिपोर्ट, खर्चों की रसीद और अन्य हिसाब-किताब का भी विश्लेषण शामिल होगा
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब ट्रस्ट के खातों तक पहुंच गई है. एसआईटी अब राम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से किए गए खर्चों की भी जांच करेगी. सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट की तरफ से किए गए सवा सौ करोड़ रुपयों के खर्चों का भी हिसाब लिया जाएगा. जांच एजेंसी प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन, महाकुंभ की व्यवस्था और ध्वजारोहण में हुए खर्चों में कथित अनियमितता को लेकर सामने आ रही आशंका की जांच की जा रही है.
राम मंदिर ट्रस्ट के खर्चों की होगी जांच
बीते लगभग ढाई सालों में राम मंदिर ट्रस्ट में ऑडिट रिपोर्ट, खर्चों की रसीद, पर्ची और अन्य हिसाब-किताब की गहन पड़ताल की जाएगी. इसमें सबसे बड़ा खर्च प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन में हुआ है. इसमें टेंट सिटी बसाने से लेकर आयोजन में हुए अन्य खर्चों की पड़ताल की जाएगी. बता दें कि चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी ट्रस्ट के पदाधिकारियों से भी पूछताछ कर रही है.
चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राय से पूछताछ
गुरुवार को जांच टीम ने अयोध्या पहुंचकर मंदिर परिसर में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और मंदिर के सहायक प्रशासक गोपाल राव से एक साथ पूछताछ की थी. इस बीच, चंपत राय ने कहा कि अयोध्या में उनकी सेवा पूरी हो गई है लेकिन वह 'कलंक' के साथ अयोध्या से नहीं जाएंगे.सूत्रों के मुताबिक, चंपत राय ने अपने कुछ करीबी सहयोगियों से यह भी कहा कि उनके साथ 'विश्वासघात' हुआ है. हालांकि यह साफ नहीं हुआ कि उनका इशारा किसकी ओर था.
सोने-चांदी की कीमती चीजें सुरक्षित
इस बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने मंगलवार को कहा कि मंदिर में दान में मिले पैसे और चीजों के कथित गबन को लेकर चल रहे विवाद के बीच, ट्रस्ट के पास अभी 30 किलो से ज्यादा सोने जैसी चीज़ें और 1,518 किलो चांदी जैसी चीजें (और दूसरी कीमती चीजें) मौजूद हैं. उन्होंने PTI को बताया कि मंदिर में दान की गई सभी 2,926 कीमती चीजें सुरक्षित हैं और उनका रिकॉर्ड रखा गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं