विज्ञापन

'सरकारी जमीन पर बनी अवैध बिल्डिंग गिरेगी'; सहारनपुर मामले में संगीत सोम का तंज- ‘अखिलेश का हाथ माफिया के साथ’

भाजपा नेता संगीत सोम ने सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर बनी अवैध इमारत को गिराया गया है. उन्होंने इस मुद्दे पर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला.

सरकारी जमीन पर बनी अवैध बिल्डिंग गिरेगी, अखिलेश पर बरसे संगीत सोम
NDTV
लखनऊ:

सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में कथित अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गर्मा गई है. भाजपा नेता संगीत सोम ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर बने अवैध ढांचे को हटाना पूरी तरह से कानूनन कार्रवाई है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा इस मामले को हिंदू-मुस्लिम रंग देकर तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है. संगीत सोम ने मुजफ्फरनगर दंगों, पीडीए राजनीति, विपक्षी गठबंधन और कांग्रेस-सपा संबंधों को लेकर भी कई तीखे बयान दिए.

अवैध निर्माण हटाने को बताया सही कार्रवाई

एनडीटीवी से बात करते हुए संगीत सोम ने कहा कि यह किसी धार्मिक स्थल को गिराने की कार्रवाई नहीं, बल्कि सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई है. उन्होंने कहा, 'मस्जिद गिराई गई है कह रहे हैं, वहां मस्जिद नहीं थी तो गिराई कैसे गई? सरकारी जमीन पर अवैध बिल्डिंग पर कब्जा था. अब बिल्डिंग को गिराया गया है. सरकारी जमीन पर बनी अवैध बिल्डिंग गिरेगी ही.'

सपा पर लगाया तुष्टिकरण का आरोप

संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हिंदू-मुस्लिम विभाजन की राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा, 'अखिलेश यादव ने हिंदू-मुस्लिम में बांटने का तुष्टिकरण की राजनीति का तरीका निकाला है. कांग्रेस और सपा को यही सूट करता है. मैं हमेशा कहता हूं, अखिलेश का हाथ हमेशा माफिया, भू-माफिया और गुंडों के साथ रहा है.'

मुजफ्फरनगर दंगों का भी किया जिक्र

दंगों के पोस्टर विवाद पर एनडीटीवी से बात करते हुए संगीत सोम ने कहा कि सनातनी समाज मुजफ्फरनगर के दंगों को न भूला है और न कभी भूलेगा. उस समय निर्दोष लोगों पर रासुका (NSA) जैसी कड़ी कार्रवाई की गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि जब मुजफ्फरनगर हिंसा की आग में जल रहा था, तब अखिलेश यादव सैफई में कार्यक्रम देख रहे थे. उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों की बरसी पर अखिलेश यादव को अपनी गलतियों का अहसास कर जनता से माफी मांगनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने माफी मांगने के बजाय फिर से वही चेहरा दिखाया है. अब उत्तर प्रदेश में कोई दंगा नहीं भड़का सकता.

विपक्षी गठबंधन पर साधा निशाना

विपक्षी गठबंधन की स्थिति पर एनडीटीवी से बात करते हुए संगीत सोम ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच केवल वर्चस्व की लड़ाई चल रही है और यह गठबंधन ज्यादा दिन टिकने वाला नहीं है. सोम ने कहा कि सपा कांग्रेस को सिर्फ 30-40 सीटें देना चाहती है, जबकि कांग्रेस देश की मुख्य विपक्षी पार्टी होने के नाते सवा 200 सीटों की हकदार बनती है. दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर कभी जायज समझौता नहीं हो पाएगा; यदि गठबंधन बना भी, तो यह सिर्फ मजबूरी का मेल होगा. संगीत सोम ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव की बातों को अब कोई गंभीरता से नहीं लेता.

पीडीए पर भी हमला

संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी के पीडीए फार्मूले पर भी कटाक्ष किया. सपा के राजनीतिक नारों और आंतरिक खींचतान पर बात करते हुए कहा कि सपा का 'PDA' असल में पापी, डकैत और अपराधियों का गठबंधन बनकर रह गया है, जिसका पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खाता तक नहीं खुलेगा. उन्होंने यह भी जोड़ा कि सपा के शासनकाल में ही दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए थे. अंत में उन्होंने सपा के पारिवारिक समीकरण पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव आने वाले वक्त में एक बार फिर शिवपाल यादव को सियासी धोखा देने जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें : सहारनपुर में कलेक्ट्रेट की मस्जिद पर बुलडोजर चलने से मचा बवाल, भारी फोर्स तैनात, इकरा हसन को रोका गया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Saharanpur, Sangeet Som, Demolition, Illegal Construction, Akhilesh Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com