ग्रेटर नोएडा के घंघौला गांव में एक दर्दनाक घटना ने दो परिवारों को झकझोर दिया है. वर्ष 2020 में एक ही घर में दो सगी बहनों की शादी हुई थी, लेकिन अब उनमें से एक की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. 30 वर्षीय तनु का शव सोमवार रात घर के ऊपरी कमरे में फंदे से लटका मिला. मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों बहनों को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और हाल के दिनों में स्कॉर्पियो कार की मांग की जा रही थी. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एक ही घर में ब्याही गई थीं दो सगी बहनें
गाजियाबाद के जावली गांव निवासी तनु और तनीषा दो सगी बहनें थीं. दोनों की शादी 6 दिसंबर 2020 को ग्रेटर नोएडा के घंघौला गांव निवासी दो भाइयों अमित और सुमित के साथ हुई थी. परिवार के अनुसार, शादी के बाद दोनों बहनें एक ही घर में रह रही थीं. दोनों के दो-दो बच्चे भी हैं. परिजनों का कहना है कि शुरुआत से ही दोनों बहनों पर दहेज को लेकर दबाव बनाया जाता था.

Greater Noida News: बड़ी बहन की मौत
दहेज मांगने के आरोप
मृतका के भाई तनीश कसाना ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष पहले ब्रेजा कार और बाद में स्कॉर्पियो की मांग कर रहा था. मांग पूरी न होने पर दोनों बहनों को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग समय के साथ बढ़ती गई और इसे लेकर अक्सर विवाद होता था.
फंदे से लटका मिला शव
सोमवार रात तनु की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव घर के ऊपरी कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला. मायके पक्ष का आरोप है कि जब वे सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग वहां से जा चुके थे. परिवार ने यह भी दावा किया कि तनु के शरीर पर चोट और मारपीट के निशान दिखाई दे रहे थे.
कोतवाली पहुंचा मायका पक्ष
घटना के बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में मायके पक्ष के लोग कासना कोतवाली पहुंचे. उन्होंने ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया. परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया गया और उसकी मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
पति, देवर और सास पर मुकदमा
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर निम के अनुसार, महिला की मौत फंदा लगाने से हुई है. परिजनों की शिकायत के आधार पर पति अमित, देवर सुमित और सास कृष्णा के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने कहा है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मई में आया था ऐसा ही मामला
इसी साल मई में दादरी थाना क्षेत्र के चिटहेड़ा गांव में रहने वाली दो सगी बहनों ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया था, जो तेजी से वायरल हो रहा था. वीडियो में दोनों बहनें हाथ जोड़कर अपनी आपबीती बता रही थीं और जनप्रतिनिधियों, पुलिस और मुख्यमंत्री से न्याय की अपील कर रही थीं. उनका कहना था कि वे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित की जा रही हैं और अब उन्हें अपनी जान का डर सताने लगा है.
यह भी पढ़ें : ग्रेटर नोएडा: दहेज प्रताड़ना से परेशान दो बहनों ने सीएम योगी से लगाई गुहार, पूछा- क्या हमें जीने का अधिकार नहीं
यह भी पढ़ें : 100 चाबियों के साथ शातिर चोर को देख पुलिस हुई हैरान; बंद मकान थे निशाने पर, 12 लाख के जेवर और गांजा बरामद
यह भी पढ़ें : कौन हैं प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया? राष्ट्रपति पदक से सम्मानित IPS को मिली बड़ी जिम्मेदारी
यह भी पढ़ें : मुजफ्फरनगर में मीट की दुकानों को ढकने के निर्देश; कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट, ऐसी है सुरक्षा व्यवस्था
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं