विज्ञापन

बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं... सम्राट चौधरी का बयान सोशल मीडिया पर वायरल

सम्राट चौधरी ने इस दौरान बिहार के विकास और उद्योग को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि झारखंड का बंटवारा हुआ तो 87 फीसदी रेवेन्यू हमारे यहां से चला गया.

  • बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो चुका है, कोई अपराधी नहीं है
  • उन्होंने बिहार की बड़ी चुनौतियों में पानी का प्रबंधन और आबादी को बताया, जो विकास के लिए जरूरी है
  • राजमार्ग परिवहन मंत्रालय के साथ नदी जल प्रबंधन को लेकर समझौता हुआ, जिससे बिहार की जल समस्याओं का समाधान होगा
पटना:

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भाषण का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. राजमार्ग परिवहन मंत्रालय और बिहार सरकार के बीच नदी जल प्रबंधन को लेकर हुए समझौते के दौरान उन्होंने भाषण दिया था. इसी दौरान वह बिहार में अपराध को लेकर बात करने लगे. इसी से जुड़ा उनका एक कथन वायरल है और लोग कह रहे हैं कि आखिर उनकी बात का अर्थ क्या था. सम्राट चौधरी ने कहा, 'हमारे यहां कोई अपराध नहीं है. अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है. क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं. कोई अपराधी नहीं है. दूसरी सबसे बड़ी चुनौती बिहार के लिए है पानी का प्रबंधन. यदि बिहार ने पानी का प्रबंधन कर लिया तो वह नए सिरे से खड़ा होगा.'

सम्राट चौधरी ने इस दौरान बिहार के विकास और उद्योग को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि झारखंड का बंटवारा हुआ तो 87 फीसदी रेवेन्यू हमारे यहां से चला गया. उन्होंने कहा कि अब हमने खनन के काम की फिर से शुरुआत का फैसला लिया है. हमने तय किया है कि 30 दिन के ऑर्डर पर सप्लाई करना है. उन्होंने कहा कि हम तय करेंगे कि जहां भी तय किया जाएगा, वहां हम खनन शुरू करेंगे. सम्राट ने कहा कि बिहार की दो कमजोरी हैं. आबादी और पानी. नितिन गडकरी जी के नेतृत्व में इतना बड़ा समझौता हो रहा है. यदि हमने नदियों के पानी को व्यवस्थित कर लिया तो फिर डर 100 पर्सेंट खत्म हो जाएगा.

नितिन गडकरी भी इस दौरान मंच पर थे. सम्राट चौधरी ने कहा कि आज बिहार के लिए भी एक ऐतिहासिक दिन है. आपने बिहार की उस कमजोरी पर ध्यान दिया है, जिसे आप ताकत में बदलना चाहते हैं. इसलिए बिहार की ओर से मैं नितिन गडकरी जी को विशेष रूप से बधाई देता हूं. हम दो चीजों को अपनी कमजोरी मानते हैं. जैसा कि आपने खुद कहा, 'मैं एक ऐसे इलाके से आता हूं, जहां लोग पानी के लिए तरसते रहे हैं. बिहार के लोग अपने यहां के पानी से बर्बाद नहीं होते. वे उस पानी से बर्बाद होते हैं, जो बाहर से आता है. नेपाल से सात बड़ी नदियां बिहार में प्रवेश करती हैं.'

तेजस्वी यादव ने कसा सम्राट चौधरी के बयान पर तंज

उनके इस बयान को लेकर विवाद भी तेज हो गया है. तेजस्वी यादव ने कहा, 'बिहार में '𝐂𝐫𝐢𝐦𝐞' हो सकता है 'अपराध' नहीं! मेरे प्यारे देशवासियों, ये बात 𝟕 हत्याओं का आरोपी नमूना मोदी जी द्वारा चयनित मुख्यमंत्री कह रहा है. मंच पर बैठे 𝐈𝐀𝐒/𝐈𝐏𝐒 इनके साथ काम करने पर अपने आपको सम्मानित समझ रहे हैं या अपमानित? क्या नरेंद्र मोदी जी ने इस आदमी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की सुपारी ले रखी है?'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Samrat Chaudhary, Samrat Chaudhary News, Samrat Chaudhary News Today, India News, Samrat Chaudhary Bihar Cm
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com