उत्तर प्रदेश की सियासत में अपने पैर जमाने की कोशिश कर रहे असदुद्दीन ओवैसी को बड़ा झटका लगने वाला है. AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद आसिम वकार कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक आसिम वकार बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस का दामन थामेंगे. वो दस सालों से AIMIM में सक्रिय थे. पार्टी का मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता होने के नाते वो यूपी की सियासत में जाना-पहचाना चेहरा बन चुके हैं. इस बीच, कांग्रेस की नजर बीजेपी के पूर्व सांसद कौशल किशोर पर भी है. दलित समाज से आने वाले किशोर को कांग्रेस पार्टी में शामिल कराने की कोशिश में है.
ओवैसी के लिए झटका!
बीते कुछ समय में ओवैसी ने उत्तर प्रदेश में अपनी पूरी ताकत झोंकी हुई है. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर वो लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं. ऐसे में यूपी में पार्टी में पुराने चेहरे वकार के जाने से उनकी मुहिम को झटका लग सकता है. सूत्रों के मुताबिक आसिम वकार बीते कुछ समय से एआईएमआईएम की यूपी इकाई से जुड़े फैसलों को लेकर नाराज चल रहे थे.
इमरान प्रतापगढ़ी की अहम भूमिका
लखनऊ के रहने वाले वकार इससे पहले बीस साल समाजवादी पार्टी में भी रहे हैं. ऐसे में ये अहम बात है कि घर वापसी की बजाय उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है. सूत्रों के मुताबिक इसमें अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने अहम भूमिका निभाई.
वकार ने साधी चुप्पी
कांग्रेस में शामिल होने की संभावना को लेकर पूछे जाने पर आसिम वकार ने पुष्टि नहीं कि लेकिन उन्होंने खंडन भी नहीं किया. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन है. हालांकि सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों में औपचारिक बातचीत शुरू नहीं हो पाई है. लेकिन बड़े चेहरों के शामिल होने से अधिक सीटों को लेकर कांग्रेस का दावा मजबूत होगा.
बीजेपी के पूर्व सांसद पर भी कांग्रेस की नजर
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस लखनऊ के बगल की मोहनलालगंज सीट से पूर्व सांसद और मोदी सरकार में राज्यमंत्री में रहे कौशल किशोर के साथ भी संपर्क में है. कौशल किशोर दलित समाज से आते हैं. कांग्रेस दलित-मुस्लिम समीकरण पर खास तौर पर फोकस कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं