Delhi Budget 2026: दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने आज विधानसभा में अपना दूसरा वार्षिक बजट पेश किया. इस दौरान महिलाओं के लिए एक बड़ी घोषणा की गई है. सरकार ने 'महिला समृद्धि योजना' के तहत हर महीने 2500 रुपये देने का ऐलान किया है. इस योजना का मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनके जीवन स्तर को बेहतर करना है. इसके लिए सरकार ने बजट में 5100 करोड़ रुपये का प्रावधान भी रखा है. यह योजना खास तौर पर गरीब और जरूरतमंद महिलाओं के लिए लाई गई है, ताकि उन्हें हर महीने कुछ आर्थिक सहायता मिल सके और वे अपने खर्चों को बेहतर तरीके से संभाल सकें. आइए जानते हैं किन महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा, कब से शुरू होगी योजना और कैसे करें आवेदन-
किन महिलाओं को मिलेगा 2500 रुपये का लाभ?
बता दें कि इस योजना का लाभ सभी महिलाओं को नहीं मिलेगा. इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं. जैसे-
- महिला की उम्र 21 से 59 साल के बीच होनी चाहिए.
- महिला दिल्ली की निवासी हो और कम से कम 5 साल से यहां रह रही हो.
- महिला BPL (गरीबी रेखा से नीचे) या EWS श्रेणी में आती हो.
- परिवार की आय लगभग 2.5 से 3 लाख रुपये सालाना के बीच हो.
- परिवार का कोई सदस्य आयकर न देता हो.
- महिला सरकारी नौकरी में न हो और न ही रिटायर कर्मचारी हो.
- महिला किसी अन्य सरकारी योजना का लाभ न ले रही हो.
यह भी पढ़ें- क्या अब 14 किलो के LPG सिलेंडर में मिलेगी सिर्फ 10 किलो गैस? जानिए सरकार ने क्या कहा
कब से शुरू होगी योजना?सरकार ने बजट में इस योजना की घोषणा कर दी है और इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. उम्मीद है कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होने के बाद जल्द ही पात्र महिलाओं के बैंक खाते में पैसे भेजना शुरू कर दिया जाएगा. हालांकि, इसकी सटीक तारीख सरकार की ओर से अलग से जारी की जाएगी.
कैसे करें आवेदन?महिलाएं इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं. इसके लिए-
- दिल्ली महिला सम्मान योजना की आधिकारिक वेबसाइट (https://delhi.gov.in/mahila-samriddhi-yojana/apply) पर जाएं.
- यहां 'Citizen Registration' फॉर्म भरें.
- इसके बाद आधार नंबर डालें और कैप्चा भरकर आगे बढ़ें.
- अपनी व्यक्तिगत जानकारी और पता भरें.
- मोबाइल नंबर डालकर OTP से वेरिफिकेशन करें.
- फॉर्म सबमिट करके रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
अगर कोई महिला ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाती है, तो वह ऑफलाइन भी आवेदन कर सकती है. इसके लिए आवेदन फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित सरकारी कार्यालय में जमा करना होगा.
कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?आवेदन करते समय आपके पास-
- आधार कार्ड
- बीपीएल कार्ड
- निवास प्रमाण पत्र
- आय प्रमाण पत्र
- बैंक खाते की जानकारी (आधार से लिंक)
- मोबाइल नंबर
- पासपोर्ट साइज फोटो
- सरकारी नौकरी न होने का प्रमाण और
- जाति प्रमाण पत्र (जरूरत होने पर) होना जरूरी है.
दिल्ली सरकार की यह योजना महिलाओं के लिए एक बड़ा सहारा बन सकती है. हर महीने 2500 रुपये की मदद से गरीब परिवारों की महिलाओं को आर्थिक राहत मिलेगी. ऐसे में अगर आप या आपके परिवार में कोई महिला इस योजना के लिए पात्र है, तो समय पर आवेदन जरूर करें और इसका लाभ उठाएं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं