विज्ञापन

No Parking और अवैध पार्किंग में क्या फर्क है? UP Traffic Police ने समझाए ट्रैफिक के जरूरी नियम

कई लोग 'No Parking' और 'अवैध पार्किंग' को एक ही मानते हैं. ऐसे में उत्तर प्रदेश ट्रैफिक पुलिस ने इनका अंतर समझाया है. आइए जानते हैं-

No Parking और अवैध पार्किंग में क्या फर्क है? UP Traffic Police ने समझाए ट्रैफिक के जरूरी नियम
No Parking और अवैध पार्किंग को लेकर UP Traffic Police की जरूरी जानकारी
(P.C- NDTV)

अगर आप कार, बाइक या कोई भी वाहन चलाते हैं, तो यह जानकारी आपके बहुत काम की है. कई लोग No Parking और अवैध पार्किंग को एक ही मानते हैं, जबकि दोनों में बड़ा अंतर होता है. इसी भ्रम को दूर करने के लिए उत्तर प्रदेश ट्रैफिक पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जानकारी शेयर की है. इस पोस्ट में पुलिस ने 'नो पार्किंग' और 'अवैध पार्किंग' में फर्क समझाया है, साथ ही बताया है कि किन जगहों पर वाहन खड़ा करना नियमों का उल्लंघन माना जाता है. आइए जानते हैं इस बारे में- 

सबसे पहले समझिए No Parking का मतलब

उत्तर प्रदेश ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, No Parking वह जगह होती है, जहां वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होती. ऐसी जगहों पर आमतौर पर 'No Parking' का बोर्ड या सड़क पर विशेष निशान बना होता है. अगर कोई व्यक्ति वहां वाहन खड़ा करता है, तो वह सीधे-सीधे नियम का उल्लंघन करता है.

जैसे- अस्पताल के गेट के सामने, किसी चौराहे के पास या ऐसी जगह जहां स्पष्ट रूप से No Parking का बोर्ड लगा हो, वहां वाहन खड़ा नहीं किया जा सकता.

अवैध पार्किंग क्या होती है?

अवैध पार्किंग को समझाते हुए ट्रैफिक पुलिस ने बताया, इसका दायरा कहीं बड़ा है. जैसे- अगर कोई वाहन ऐसी जगह या ऐसे तरीके से खड़ा किया जाता है, जिससे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होता है या लोगों को परेशानी होती है, तो उसे अवैध पार्किंग माना जाएगा. चाहे वहां No Parking का बोर्ड लगा हो या नहीं.

किन जगहों पर वाहन खड़ा करना गलत माना जाता है?

अवैध पार्किंग कई तरह की हो सकती है. जैसे- 

  • सड़क पर इस तरह गाड़ी खड़ी करना जिससे दूसरे वाहनों का रास्ता रुक जाए
  • फुटपाथ पर वाहन खड़ा करना 
  • सड़क पर डबल पार्किंग करना 
  • जेब्रा क्रॉसिंग, बस स्टॉप, फायर हाइड्रेंट या सड़क के मोड़ के पास वाहन खड़ा करना. 

ऐसी सभी स्थितियां ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन मानी जाती हैं और इसे ही अवैध पार्किंग कहा जाता है. 

यानी हर No Parking में की गई पार्किंग अवैध पार्किंग होती है, लेकिन हर अवैध पार्किंग केवल No Parking क्षेत्र में ही नहीं होती. 

वाहन चालकों के लिए जरूरी सलाह

UP Traffic Police ने लोगों से अपील की है कि वाहन खड़ा करने से पहले आसपास लगे ट्रैफिक साइन जरूर देखें. साथ ही ऐसी जगह कभी भी वाहन न खड़ा करें, जहां दूसरे लोगों या ट्रैफिक को परेशानी हो. छोटे-से नियम का पालन करके न सिर्फ चालान से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क को सुरक्षित और ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलती है.

यह भी पढ़ें- फोन के नेटवर्क अचानक चले जाएं, तो तुरंत हो जाएं अलर्ट, जानिए SIM Swap Scam का पूरा खेल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP News, UP Traffic Police, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com