अगर आप अपनी कार-बाइक या और किसी वाहन में पेट्रोल-डीजल तेल भरवाते हैं तो कई बार आपको लगता है कि पेट्रोल पंप पर आपकी गाड़ी में तेल कम मिल रहा है. कई बार ऐसा भी लगता है कि पेट्रोल-डीजल सही माप नहीं मिल रहा है. ऐसा कई बार पेट्रोल-पंप की गड़बड़ी की वजह से होता है. हालांकि अगर आप तेल भरवाने के सही समय का चयन करेंगे तो आपको शुद्ध और स्ट्रांग तेल मिलेगा. इससे आपको घाटा नहीं होगा. तेल भरवाने के सही समय के पीछे वैज्ञानिक कारण भी है और यह आपकी गाड़ी की सेहत के लिए भी सही होता है.
गाड़ी में तेल भरवाने यानी पेट्रोल-डीजल डलवाने का सही समय तड़के सुबह या देर रात का होता है. इसके पीछे तापमान का विज्ञान है. सुबह और रात में मौसम और जमीन का तापमान ठंडा होता है.
सुबह और रात में तेल भरवाने का क्या है विज्ञान
गर्मी के समय या दोपहर में जब कड़कती धूप होती है तो उस वक्त तापमान काफी बढ़ जाता है. ऐसे में पेट्रोल-डीजल फैलता है और इसकी डेंसिटी कम हो जाती है. अगर आप दोपहर में तेल लेते हैं तो उसमें हवा के वाष्प ज्यादा होते हैं. ऐसे में आपको मिलने वाला ईंधन माप में थोड़ा कम होता है. वहीं जब आप तड़के सुबह या देर रात तेल भरवाते हैं तो उस वक्त पंप पर अंडरग्राउंड टैंक और बाहर का माहौल दोनों ठंडा होता है. तापमान कम होने की वजह से ईंधन सिकुड़ता है. जब मौसम बराबर ठंड होता है तो इस दौरान तेल भरवाने में आपको उसी कीमत में शुद्ध और स्ट्रांग ईंधन मिलता है.
हालांकि कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि अंडरग्राउंड टैंक में तापमान का कोई प्रभाव नहीं पड़ता है और डेंसिटी भी कोई बदलाव नहीं होता है.
तेल टैंक खाली होने से होता है नुकसान
अगर आपकी गाड़ी के तेल टैंक में ईंधन 25 प्रतिशत बचे तो उस वक्त ही तेल भरवा लेना चाहिए. टैंक बिलकुल खाली होने पर तेल नहीं भरवाएं. अगर आपका तेल टैंक खाली होता है तो पेट्रोल Evaporate यानी वाष्पित होकर गैस बनता है, इससे ईंधन की बर्बाद होती है. इसके साथ ही तेल बिलकुल खाली करने से टैंक में जमा कचरा फ्यूल पंप और इंजन में जाकर जमा होता है, इससे इंजन खराब होने की संभावना होती है. तो सही समय पर तेल टैंक पूरी खाली होने से पहले फ्यूल भरवा लें.
एक बात का और ध्यान रखें कि अगर पेट्रोल पंप पर आते ही आप देखें की पंप पर फ्यूल टैंकर को खाली किया जा रहा है. यानी अंडरग्राउंड टैंक में तेल डाला जा रहा है, तो उस समय तेल न डलवाएं आप 15-20 मिनट के बाद ही तेल डलवाएं. क्योंकि उस वक्त टैंक से निकला कचरा, मिट्टी और पानी तेल टैंक के ऊपर तैरता है और उस वक्त तेल लेने से वह कचरा आपके टैंक में चला जाता है. इससे आपको कम तेल भी मिलता है.
यह भी पढ़ेंः 'बिना इंश्योरेंस नहीं मिलेगा पेट्रोल' सुप्रीम कोर्ट ने IRDAI को क्या-क्या दिए आदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं