विज्ञापन

आयुष्मान कार्ड से मिलता है 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, जानें पात्रता और आवेदन का आसान प्रोसेस

अगर आप भी आयुष्मान कार्ड बनवाना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं इसके लिए कौन लोग पात्र हैं, साथ ही जानेंगे कार्ड बनवाने का आसान प्रोसेस-

आयुष्मान कार्ड से मिलता है 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, जानें पात्रता और आवेदन का आसान प्रोसेस
आयुष्मान भारत योजना: कौन बनवा सकता है कार्ड, क्या हैं फायदे और कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?
(P.C- NDTV)

देश में बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) लाखों परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है. इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है. अगर आप भी जानना चाहते हैं कि आयुष्मान कार्ड किसे मिलता है, इसके क्या फायदे हैं और इसके लिए आवेदन कैसे किया जाता है, तो यह जानकारी आपके लिए मददगार हो सकती है.

क्या है Ayushman Bharat Yojana?

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) केंद्र सरकार की एक स्वास्थ्य बीमा योजना है. इसकी शुरुआत 23 सितंबर 2018 को की गई थी. इस योजना का मकसद आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है. योजना के तहत पात्र परिवारों को सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है.

कौन लोग हैं पात्र?

सरकार के अनुसार, 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी भारतीय नागरिक इस योजना के तहत कवरेज पाने के पात्र हैं, चाहे उनकी आय कितनी भी हो या उनके पास पहले से कोई स्वास्थ्य बीमा हो. इसके अलावा, 2010 की सामाजिक-आर्थिक एवं जाति जनगणना (SECC) में शामिल परिवार और निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करने वाले परिवार भी इसका लाभ ले सकते हैं.

योजना की खास बात यह है कि परिवार के सदस्यों की संख्या पर कोई सीमा नहीं है और पहले से मौजूद बीमारियां भी पहले दिन से कवर होती हैं.

क्या मिलते हैं फायदे?

आयुष्मान भारत योजना के तहत कई स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल हैं. इनमें अस्पताल में भर्ती होने से पहले की जांच, इलाज और परामर्श, दवाइयां, मेडिकल उपकरण, डायग्नोस्टिक टेस्ट, आईसीयू और अन्य देखभाल सेवाएं शामिल हैं. इसके अलावा अस्पताल में रहने, खाने, इलाज के दौरान होने वाली परेशानियों और डिस्चार्ज के बाद 15 दिनों तक फॉलो-अप देखभाल का लाभ भी मिलता है.

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

आयुष्मान भारत योजना के लाभ के लिए आयुष्मान कार्ड जरूरी होता है. वहीं, आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, मोबाइल नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो की जरूरत होती है. इसके अलावा ई-श्रम कार्ड, लेबर कार्ड या अन्य सरकारी पहचान पत्र भी मददगार हो सकते हैं.

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
  • आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए PM-JAY के आधिकारिक बेनिफिशियरी पोर्टल पर जाएं. 
  • यहां मोबाइल नंबर और ओटीपी के जरिए लॉगिन करें. 
  • इसके बाद PM-JAY योजना चुनें, राज्य और जिला का चयन करें और आधार या अन्य विकल्पों से अपनी जानकारी खोजें. 
  • जरूरी जानकारी और फोटो अपलोड कर आवेदन जमा करें. 
  • आवेदन की स्थिति लगभग 24 घंटे बाद पोर्टल पर लॉगिन करके देखी जा सकती है.

ऐसे में अगर आप पात्रता की शर्तें पूरी करते हैं, तो आयुष्मान कार्ड बनवाकर अपने परिवार को बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिला सकते हैं.

यह भी पढ़ें- वंदे भारत एक्सप्रेस में विज्ञापन देना चाहते हैं? रेलवे ने जारी किया ई-ऑक्शन नोटिस, 5 साल तक मिलेगा प्रीमियम ब्रांडिंग का फायदा

लेखक के बारे में
img
श्रेया त्‍यागी
सीनियर सब एडिटर
श्रेया त्यागी पिछले 5+ वर्षों से डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं। लाइफस्टाइल, हेल्थ, एंटरटेनमेंट और यूटिलिटी जैसे विषयों पर लिखते हुए उन्हो... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ayushman Bharat Yojana, Utililty News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com