Aadhaar Card Virtual ID: बैंक में नया अकाउंट खुलवाने से लेकर नया सिम लेने तक लगभग हर जगह आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है. आधार कार्ड आज के दौर में सबसे ज्यादा जरूरी डॉक्यूमेंट माना जाता है. ऐसे में लोगों को यह भी डर रहता है कि कहीं उनके आधार नंबर या डिटेल्स की मदद से स्कैमर्स उनके साथ ठगी या धोखाधड़ी न कर लें. इस खतरे से बचने के लिए आप VID का इस्तेमाल कर सकते हैं. ये VID वर्चुअल आईडी होती है जो 16 नंबर की पहचान होती है. इसे आप आप आधार नंबर शेयर करने की जगह दे सकते हैं. आइए VID के बारे में विस्तार से जानते हैं और यह भी जानेंगे कि इसे आप कैसे जेनरेट कर सकते हैं...
यह भी पढ़ें: Aadhaar Card लिंक किए बिना बुक नहीं होगा सिलेंडर, Indane, BP, HP Gas के यूजर्स जान लें लिंक करने का आसान तरीका
क्या होती है VID?
वर्चुअल आईडी को वीआईडी कहा जाता है. यह आधार कार्ड नंबर के लिए एक कवच की तरह काम करती है. इसकी मदद से आधार से जुड़े कार्य किए जा सकते हैं, वो भी असली आधार नंबर शेयर किए बिना. उदाहरण के तौर पर जब आप बैंक या सिम कार्ड स्टोर पर अपनी VID देते हैं तो आधार वेरिफिकेशन तो हो जाता है. लेकिन सामने वाले के पास आपका असली आधार नंबर नहीं पहुंचता है. इसकी मदद से आधार कार्ड से जुड़े स्कैम या धोखाधड़ी होने के चांस काफी ज्यादा कम हो जाते हैं.

कैसे जेनरेट करें अपने आधार कार्ड की VID?
आधार कार्ड की वीआईडी जेनरेट करना बहुत ही ज्यादा आसान है. इसके लिए आप नीच दिए गए स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं.
- वीआईडी जेनरेट करने के लिए UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पर जाएं.
- वेबसाइट पर जाकर अपने आधार कार्ड नंबर की मदद से लॉग इन करें.
- इसके बाद डैशबोर्ड पर Generate Virtual ID पर क्लिक करें.
- अब आपके सामने दो ऑप्शन आएंगे, उसमें Generate ID पर क्लिक करें.
- फिर आपकी VID स्क्रीन पर दिख जाएगी और रजिस्टर्ड नंबर पर भी भेज दी जाएगी.
जरूरी बात
वर्चुअल आईडी की खास बात ये है कि आप जितनी चाहें उतनी वर्चुअल आईडी जेनरेट कर सकते हैं. जैसे ही आप नई VID जेनरेट करेंगे वैसे ही पुरानी VID रद्द हो जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं