- तमिलनाडु के नए मुख्य सचिव के रूप में डॉ. एम. साई कुमार को नियुक्त किया गया है, जो 1990 बैच के IAS अधिकारी हैं
- साई कुमार ने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, TNPL अध्यक्ष, जिला कलेक्टर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है
- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल 2026 को एक चरण में होंगे और नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के प्रशासनिक गलियारे में बड़ा फेरबदल हुआ है. आईएएस अधिकारी डॉ. एम. साई कुमार को तमिलनाडु के नए मुख्य सचिव की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. साई कुमार इससे पहले राजस्व प्रशासन आयुक्त और एडिशनल मुख्य सचिव के रूप में काम कर रहे थे.
कौन हैं साई कुमार?
तमिलनाडु के नए मुख्य सचिव के रूप में साई कुमार अब एन. मुरुगनंदम की जगह लेंगे. वह तमिलनाडु कैडर के 1990 बैच के IAS अधिकारी हैं. मुख्य सचिव बनने से पहले, वह राजस्व प्रशासन आयुक्त और एडिशनल मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत थे. अपने सेवा काल के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, तमिलनाडु न्यूजप्रिंट एंड पेपर्स लिमिटेड (TNPL) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, और जिला कलेक्टर जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है.
23 अप्रैल को होगा तमिलनाडु में चुनाव
बता दें कि तमिलनाडु में सत्ता के लिए महासंग्राम का बिगुल बज चुका है, जहां 23 अप्रैल 2026 को सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होना है. इस चुनावी रण के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे. मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ DMK (एम.के. स्टालिन के नेतृत्व में) और विपक्षी AIADMK (पलानीस्वामी के नेतृत्व में) के बीच माना जा रहा है, जहां एक ओर सरकार अपने कल्याणकारी कार्यों के दम पर वापसी की उम्मीद कर रही है, वहीं विपक्ष सत्ता विरोधी लहर और स्थानीय मुद्दों को भुनाने की कोशिश में है.
सर्वे में कौन आगे?
लोक पोल एजेंसी द्वारा किए गए एक सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाला गठबंधन 234 सीटों में से 181-189 सीटें हासिल करेगा, जिसमें उसका वोट शेयर 40.1 प्रतिशत होगा. 1 मार्च से 1 अप्रैल के बीच किए गए इस सर्वे के अनुसार, विपक्षी AIADMK के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन के 38 से 42 सीटें जीतने का अनुमान है, जिसमें उसका वोट शेयर 29% रहेगा. अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी 'तमिलगा वेट्री कझगम' (TVK), जो पहली बार चुनावी मैदान में उतर रही है, 23.9% वोट शेयर के साथ 8-10 सीटें हासिल कर सकती है. NTK और अन्य पार्टियों का कोई खास असर पड़ने की संभावना नहीं है. उनके वोट शेयर 4.9% और 2.1% रहने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: हम हमेशा से शांति के पक्षधर रहे हैं... भारत ने ईरान और अमेरिका के बीच हुए सीजफायर का किया स्वागत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं