यूपी वालों के लिए अच्छी खबर है. नए घर या फिर आप घर बदलते हैं तो बिजली, पानी और गैस कनेक्शन की जरूरत पड़ती है. ऐसे में लोगों को सरकारी दफ्तरों का चक्कर लगाना होता है. लेकिन अब उत्तर प्रदेश में बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है. जिससे अब नए बिजली कनेक्शन (New Electricity Connection) के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे. बल्कि यह अब घर बैठे ही हो जाएगा. आप अपने घर पर ही मोबाइल के जरिए नए कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं.
दरअसल, यूपी में अब ऑनलाइन बिजली कनेक्शन लेने की सुविधा की गई है. इस बात की जानकारी उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी दी है.
UPPCL ने बिजली कनेक्शन को लेकर दी जानकारी
UPPCL ने बताया है कि अब झटपट (Jhatphat) ऑनलाइन पोर्टल के जरिए मोबाइल से बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं. यह आसान और पारदर्शी नियम हो गया है. आप आधार कार्ड के जरिए घर बैठे ही आवेदन कर सकते हैं. वहीं इसके लिए कुछ दस्तावेजों को अपलोड करना और सारी प्रक्रिया डिजिटल रूप में पूरी करनी होगी. इस ऑनलाइन प्रक्रिया में किसी भी बिचौलियों की जरूरत नहीं होगी.

कैसे करें बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन
यूपी के लोगों को नए बिजली कनेक्शन के लिए अब Jhatphat पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा. इसमें आवेदन के लिए अपनी जानकारी मांगी जाएगी. वहीं आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज आपको जमा कराने होंगे. आप दस्तावेज को ऑनलाइन ही अपलोड कर सकते हैं. वहीं आवेदन के बाद इसका चार्ज भी ऑनलाइन ही देना है.
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बिजली विभाग के अधिकारी साइट की जांच करेंगे और इसी के आधार पर तकनीकी रिपोर्ट बनाई जाएगी. वहीं सारी चीजें सही होने के बाद घर पर मीटर लगाया जाएगा और कनेक्शन देने का पूरा प्रोसेस किया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः क्या बंद होने वाला है QR कोड? दुकानदारों के पास 15 सितंबर तक की डेडलाइन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं