- लिक्विड ग्रीन अमोनिया में लगभग 82 प्रतिशत नाइट्रोजन होता है, जो पारंपरिक यूरिया से अधिक सांद्र होता है.
- UP के सहारनपुर और संतकबीरनगर में ग्रीन अमोनिया के खेत में परीक्षण चल रहे हैं और विस्तार की तैयारी है.
- ग्रीन अमोनिया को मिट्टी के भीतर पहुंचाने की तकनीक से नाइट्रोजन के नुकसान और खाद की बर्बादी कम होती है.
Green ammonia fertilizer: लिक्विड ग्रीन अमोनिया को खेती में पारंपरिक यूरिया के संभावित विकल्प के रूप में विकसित किया जा रहा है. इसमें लगभग 82 प्रतिशत नाइट्रोजन होती है, जबकि सामान्य यूरिया में नाइट्रोजन की मात्रा करीब 46 प्रतिशत रहती है. अधिक सांद्रता की वजह से कम मात्रा में प्रयोग करके भी फसल तक पर्याप्त नाइट्रोजन पहुंचाया जा सकता है, जिससे खाद के नुकसान को घटाने में मदद मिलती है.
फिलहाल, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में 143 एकड़ क्षेत्र में इसका परीक्षण किया जा रहा है, जबकि संतकबीरनगर में भी जल्द परीक्षण शुरू होने की तैयारी है. कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, फील्ड ट्रायल सफल रहने पर आने वाले समय में खेती किसानी के तरीके में बड़ा बदलाव आ सकता है, जिससे किसानों की लागत कम होगी और पैदावार में सुधार की उम्मीद है.
क्या है ग्रीन अमोनिया?
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान पूसा, नई दिल्ली में 13 नवंबर 2026 को ग्रीन अमोनिया के इस्तेमाल का लाइव प्रसारण किया गया था. फिलहाल, अलग-अलग क्षेत्रों में इसके परीक्षण जारी है और वैज्ञानिक स्तर पर इसके परिणामों का आकलन किया जा रहा है. यह एक नाइट्रोजन युक्त रासायनिक पदार्थ है, जिसे सौर और पवन ऊर्जा जैसी स्वच्छ ऊर्जा के माध्यम से तैयार किया जाता है. सामान्य यूरिया की तरह इसे खेत की सतह पर ऊपर से नहीं बिखेरा जाता. इसके बजाय एक विशेष मशीन की मदद से इसे सीधे मिट्टी के भीतर पहुंचाया जाता है. इस तकनीक का मुख्य उद्देश्य पोषक तत्वों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना और खाद के गैर जरूरी नुकसान को रोकना है.
ग्रीन अमोनिया से मिलेंगे ये पांच फायदे
परीक्षणों के सफल होने पर किसानों को ग्रीन अमोनिया के इस्तेमाल से प्रमुख रूप से पांच संभावित लाभ मिल सकते हैं. पहला यह कि इसमें 82 प्रतिशत तक नाइट्रोजन होने की वजह से कम मात्रा के उपयोग से ही फसल को ज्यादा नाइट्रोजन मिल सकता है. दूसरा, मिट्टी के अंदर सीधे पहुंचाने से हवा या पानी के साथ नाइट्रोजन के होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है. तीसरा फायदा फसल को लंबे समय तक नाइट्रोजन उपलब्ध होने से जुड़ा है, जिससे बार-बार यूरिया डालने की जरूरत घट सकती है. चौथा लाभ समय और श्रम की बचत के रूप में सामने आ सकता है, क्योंकि बार-बार खाद डालने की प्रक्रिया कम होने से मजदूरी और समय दोनों घटेंगे. पांचवां लाभ पर्यावरण से जुड़ा है, जहां सौर और पवन ऊर्जा से उत्पादन होने की वजह से खेती के पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने में मदद मिल सकती है.
10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी पैदावार
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रीन अमोनिया के प्रयोग से फसल की पैदावार में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है. अगर आगामी परीक्षणों के नतीजे अनुकूल रहते हैं, तो यह विकल्प किसानों के लिए किफायती साबित हो सकता है. लंबे समय में यह तकनीक खाद पर होने वाले खर्च को घटाने, मिट्टी की सेहत सुधारने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकती है. कृषि विज्ञान केंद्र बगही के कृषि वैज्ञानिक डॉ. देवेश कुमार के मुताबिक संतकबीरनगर जिले में भी जल्द इसका परीक्षण होने वाला है और इसके सफल होने पर खेती किसानी में इसका उपयोग किया जाएगा, जिससे किसानों की लागत घटेगी और पैदावार बढ़ेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं