UPI New Rules: आज के समय में ज्यादातर लोग छोटे-बड़े भुगतान के लिए UPI का इस्तेमाल करते हैं. चाहे दुकान पर खरीदारी करनी हो, किसी को पैसे भेजने हों या बिल भरना हो, Google Pay, PhonePe और Paytm जैसे ऐप्स लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं. अगर आप भी इन्हीं लोगों में से हैं, तो यह खबर आपके काम की है. बता दें कि डिजिटल भुगतान को और सुरक्षित बनाने के लिए 1 जून से कुछ नए बदलाव लागू किए गए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
पैसे भेजने से पहले दिखेगा पूरा नाम
जल्दबाजी में गलत नंबर या गलत व्यक्ति को पैसे भेजना UPI यूजर्स की आम समस्या रही है. हालांकि, अब 1 जून से ये समस्या काफी हद तक कम हो सकती है. बता दें कि डिजिटल भुगतान को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए अब UPI ट्रांजैक्शन से पहले प्राप्तकर्ता का बैंक में दर्ज आधिकारिक नाम स्क्रीन पर दिखाई देगा.
आसान भाषा में समझें तो आज से जब भी आप किसी को UPI से पेमेंट करेंगे, तो 4 या 6 अंकों का PIN डालने से पहले स्क्रीन पर उस व्यक्ति का पूरा आधिकारिक नाम दिखाई देगा. इससे ट्रांजैक्शन की पुष्टि करना आसान होगा. आपको पहले ही पता चल सकेगा कि आप सही खाते में पैसे डाल रहे हैं या नहीं. यह नियम Google Pay, PhonePe और Paytm समेत सभी प्रमुख UPI प्लेटफॉर्म पर लागू होगा.
ATM निकासी से जुड़ा भी बड़ा बदलाव
अगर आप UPI के जरिए कार्डलेस ATM से पैसे निकालते हैं, तो ऐसे ट्रांजैक्शन अब बैंक की मासिक मुफ्त निकासी सीमा में गिने जा सकते हैं. यानी अगर आपने अपने बैंक द्वारा निर्धारित मुफ्त निकासी की सीमा पार कर ली, तो आपको अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है. इसलिए ATM से नकद निकालते समय अपनी बैंकिंग लिमिट पर नजर जरूर रखें.
आज ही कर लें ये काम1 जून से लागू हुए इन बदलावों का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन भुगतान को पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाना और गलत खाते में पैसे जाने जैसी समस्याओं को कम करना है. ऐसे में अगर आप नियमित रूप से Google Pay, PhonePe या Paytm जैसे UPI प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं, तो अपने ऐप को अपडेट रखें. फोन में फिंगरप्रिंट या फेस लॉक जैसी सुरक्षा सुविधाएं सक्रिय रखें, साथ ही अब किसी को भी पैसे भेजने से पहले स्क्रीन पर उसका नाम जरूर पढ़ें. इससे आप किसी भी तरह के नुकसान से बच सकते हैं.
यह भी पढ़ें- LPG Rules: 1 जून से LPG के बदल रहे नियम, अब होगा एक घर, एक कनेक्शन, जानिए क्या-क्या बदलाव होंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं