विज्ञापन

LPG, ATM और पैन कार्ड से लेकर इन 7 चीजों के आज से बदल रहे हैं न‍ियम, जानिए उपभोक्‍ता की जेब पर कितना पड़ेगा असर

1 जून 2026 से कई जरूरी नियम बदलने वाले हैं, जिनका असर आपकी रोजमर्रा की जिंदगी और जेब दोनों पर पड़ सकता है. एलपीजी, एटीएम और पैन कार्ड से लेकर कई चीजों के नियमों में बदलाव होने वाला है.

LPG, ATM और पैन कार्ड से लेकर इन 7 चीजों के आज से बदल रहे हैं न‍ियम, जानिए उपभोक्‍ता की जेब पर कितना पड़ेगा असर
आज से बदल रहे हैं ये सात न‍ियम.

देशभर में आज यानी 1 जून 2026 से कई अहम नियम बदलने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा. एलपीजी सिलेंडर, एटीएम इस्तेमाल, पैन कार्ड से जुड़े नियमों समेत कई बड़े बदलाव लागू होंगे, जो आपकी खर्च आदतों को भी प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे में इन नए नियमों के बारे में पहले से जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि आप अतिरिक्त खर्च से बच सकें. चलिए आपको बताते हैं आज यानी एक जून से क्या-क्या नियम बदल रहे हैं.

LPG और PNG से जुड़े नए नियम

एक जून 2026 से रसोई गैस कनेक्शन को लेकर सरकार बेहद सख्त नियम लागू करने जा रही हैं. नए नियमों के तहत अब एक ही पते या एक घर पर केवल एक ही एक्टिव गैस कनेक्शन रखने की अनुमति होगी. जिन घरों में पहले से PNG कनेक्शन चालू है, वे अब साथ में LPG सिलेंडर नहीं रख पाएंगे. आपके घर में दोनों कनेक्शन हैं, तो आपको LPG सिलेंडर सरेंडर करना होगा. ऐसा न करने पर तेल कंपनियां आपका LPG कनेक्शन ब्लॉक या कैंसिल कर सकती हैं.

UPI पेमेंट का नया नियम

आज 1 जून से यूपीआई पेमेंट के नियमों में बदलाव हो जाएगा. अब पैसे भेजते वक्त सिर्फ बैंक में रजिस्टर असली नाम ही दिखेगा. इससे फर्जी नाम या QR से धोखाधड़ी कम होगी.

ATM और बैंकिंग नियम

आज यानी 1 जून 2026 से बैंकिंग और ATM के नियमों में बड़े बदलाव हो रहे हैं. अब UPI के जरिए एटीएम से कैश निकालने पर भी बैंक की 5 मुफ्त ट्रांजेक्शन सीमा लागू होगी. इसके बाद कैश निकालने पर चार्ज लगेगा.

PAN कार्ड के नियम सख्त

1 जून 2026 से पैन कार्ड से जुड़े नियमों में काफी सख्ती की जा रही है, जिसका उद्देश्य बड़े वित्तीय लेनदेन पर नजर रखना है. अब 1 साल में 10 लाख से अधिक नकद जमा या निकासी करते हैं, तो पैन कार्ड देना अनिवार्य होगा. 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के सौदे में पैन कार्ड जरूरी है. वहीं, 5 लाख रुपये से अधिक की महंगी गाड़ी खरीदने पर भी पैन कार्ड साथ रखना जरूरी है, भले ही वह दोपहिया वाहन ही क्यों न हो. अब कोई भी नई बीमा पॉलिसी बिना पैन कार्ड के नहीं मिलेगी.

आधार अपडेट पर फीस

1 जून 2026 से आधार केंद्र पर नाम, पता, जन्मतिथि या अन्य बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट कराने का शुल्क 75 से 125 रुपये के बीच होगा. हालांकि, myAadhaar पोर्टल पर 14 जून 2026 तक ऑनलाइन दस्तावेज अपडेट मुफ्त है, जबकि इसके बाद यह सशुल्क हो सकता है.

सोलर पैनल के नए नियम

1 जून 2026 से सोलर पैनल लगवाने के नियम बदल रहे हैं, जिससे ALMM-II के तहत अब केवल सरकार द्वारा प्रमाणित पैनल की अनुमति होगी. जिससे चीनी पैनलों का उपयोग कम होगा. इसके कारण सोलर सिस्टम की लागत 3,000 से 9,000 तक बढ़ सकती है. हालांकि, PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सब्सिडी जारी रहेगी.

हवाई सफर और ईंधन

1 जून से भारत में हवाई सफर महंगा और सीमित हो सकता है. एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी विमान ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी और गर्मी की छुट्टियों के बाद कम मांग के कारण, इंडिगो और एयर इंडिया ने 1 जून से अगले 90 दिनों के लिए घरेलू उड़ानों में 15% से 22% तक की कटौती की है. अगर, आप 1 जून के बाद यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो अभी से अपनी फ्लाइट का स्टेटस और बुकिंग चेक कर लें.

यह भी पढ़ें:- नोएडा और मुंबई में दौड़ेंगी ड्राइवरलेस पॉड टैक्सियां, जानिए रूट-किराया, तकनीक और खास बातें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com