विज्ञापन

9 मई की रात बदल जाएगा स्मार्ट बिजली मीटर का पूरा सिस्टम, रातोंरात होंगे पोस्ट पेड, जानिए फिर रिचार्ज में बचे पैसों का क्या होगा

UP में स्मार्ट बिजली मीटर इस्तेमाल करने वाले लाखों उपभोक्ताओं के मन में इस समय सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब प्रीपेड स्मार्ट मीटर पोस्टपेड सिस्टम में बदल जाएंगे, तब उनके बचे हुए बैलेंस का क्या होगा? अब बिजली विभाग ने इसे लेकर पूरी तस्वीर साफ कर दी है.

9 मई की रात बदल जाएगा स्मार्ट बिजली मीटर का पूरा सिस्टम, रातोंरात होंगे पोस्ट पेड, जानिए फिर रिचार्ज में बचे पैसों का क्या होगा
UP News: कल रातोंरात बदल जाएंगे स्मार्ट बिजली मीटर

Smart Meter: उत्तर प्रदेश में स्मार्ट बिजली मीटर इस्तेमाल कर रहे लाखों लोगों के लिए कल यानी 9 मई की रात बड़ा बदलाव होने जा रहा है. बिजली विभाग प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड सिस्टम में बदलने की प्रक्रिया शुरू करेगा. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल उन उपभोक्ताओं के मन में है, जिन्होंने पहले से अपने मीटर में रिचार्ज करा रखा है. लोग जानना चाहते हैं कि जब प्रीपेड स्मार्ट मीटर पोस्टपेड सिस्टम में बदल जाएंगे, तब उनके बचे हुए बैलेंस का क्या होगा? 

अब बिजली विभाग ने इसको लेकर पूरी तस्वीर साफ कर दी है. विभाग के अनुसार, उपभोक्ताओं का एक भी रुपया खराब नहीं होगा. जैसे ही मीटर प्रीपेड से पोस्टपेड मोड में बदलेगा, वैसे ही रिचार्ज में बची रकम अगले बिजली बिल में अपने आप एडजस्ट हो जाएगी. यानी लोगों को अलग से किसी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

बिल में यह भी साफ लिखा रहेगा कि कितना बैलेंस पहले से मौजूद था और उसे किस तरह एडजस्ट किया गया है. इससे उपभोक्ता आसानी से पूरा हिसाब समझ सकेंगे.

कल रात से शुरू होगा बदलाव

बिजली विभाग के मुताबिक, 9 मई की रात से प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड मोड में बदलने की प्रक्रिया शुरू होगी. विभाग का दावा है कि यह पूरा बदलाव रातभर में पूरा कर लिया जाएगा और 10 मई तक सभी मीटर नए सिस्टम पर काम करने लगेंगे. यह पूरा काम तकनीकी तरीके से किया जाएगा, इसलिए उपभोक्ताओं को मीटर बदलवाने या किसी कर्मचारी को बुलाने की जरूरत नहीं होगी.

अब कैसे काम करेगा नया सिस्टम?

नए सिस्टम के लागू होने के बाद स्मार्ट मीटर बिल्कुल पुराने पोस्टपेड मीटर की तरह काम करेंगे. बिजली विभाग के अनुसार, महीने की 1 तारीख से 30 तारीख तक बिजली इस्तेमाल का हिसाब बनेगा. इसके बाद अगले 10 दिनों के अंदर SMS और WhatsApp के जरिए बिल भेज दिया जाएगा. अच्छी बात यह है कि बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को 15 दिन का समय मिलेगा.

बार-बार रिचार्ज का झंझट होगा खत्म

अब तक प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं को बार-बार रिचार्ज कराना पड़ता था. बैलेंस खत्म होते ही बिजली कटने का डर बना रहता था. लेकिन पोस्टपेड सिस्टम आने के बाद यह परेशानी खत्म हो जाएगी. साथ ही मीटर तेज चलने, बिना इस्तेमाल बैलेंस कटने और ज्यादा बिल आने जैसी शिकायतों में भी राहत मिलने की उम्मीद है.

मोबाइल नंबर अपडेट रखना जरूरी

बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपना मोबाइल नंबर अपडेट रखने की अपील की है, क्योंकि बिल सीधे मोबाइल पर भेजा जाएगा. अगर किसी कारण से बिल नहीं मिलता है, तो चैटबॉट और ऑनलाइन सुविधा के जरिए भी बिल देखा जा सकेगा.

यह भी पढ़ें- हर Petrol Pump पर फ्री मिलती हैं ये 6 सुविधाएं, पैसे मांगे तो तुरंत करें शिकायत, जान लें अपने मतलब की बात

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com