विज्ञापन

क्या AI इंसानों के लिए भविष्य में खतरा बन सकती है? UN की रिपोर्ट ने उड़ाई दुनिया की नींद

संयुक्त राष्ट्र ने AI पर एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें बताया गया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बहुत तेजी से विकसित हो रही है. इसकी रफ्तार इतनी तेज है कि वैज्ञानिकों की समझ और सरकारों की नीतियां उससे पीछे रह गई हैं.

क्या AI इंसानों के लिए भविष्य में खतरा बन सकती है? UN की रिपोर्ट ने उड़ाई दुनिया की नींद
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट

क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंसानों के लिए भविष्य में खतरा बन सकती है? संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक नई रिपोर्ट ने इस सवाल को लेकर दुनिया भर की चिंता बढ़ा दी है. रिपोर्ट में कहा गया है कि AI तकनीक इतनी तेजी से आगे बढ़ रही है कि वैज्ञानिकों की समझ और सरकारों के नियम-कानून उसकी रफ्तार का साथ नहीं दे पा रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर समय रहते प्रभावी निगरानी और नियम नहीं बनाए गए, तो भविष्य में AI से जुड़े गंभीर और अप्रत्याशित नुकसान सामने आ सकते हैं.

AI पर UN की एक नई रिपोर्ट

संयुक्त राष्ट्र (UN) के एक स्वतंत्र विशेषज्ञ पैनल ने चेतावनी दी है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बहुत तेजी से विकसित हो रही है. इसकी रफ्तार इतनी तेज है कि वैज्ञानिकों की समझ और सरकारों की नीतियां उससे पीछे रह गई हैं. ऐसे में यह पूरी तरह से नहीं कहा जा सकता कि भविष्य में AI किसी बड़े नुकसान का कारण नहीं बनेगी. UN के इंडिपेंडेंट इंटरनेशनल साइंटिफिक पैनल ऑन AI की शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया है कि सरकारों के सामने बड़ी चुनौती है. AI को प्रभावी तरीके से कंट्रोल करने के लिए उन्हें मजबूत वैज्ञानिक सबूत और जानकारी चाहिए, लेकिन AI तकनीक इतनी तेजी से बदल रही है कि शोध और अध्ययन उसके साथ कदम नहीं मिला पा रहे हैं.

पैनल के सह-अध्यक्ष AI विशेषज्ञ योशुआ बेंगियो ने कहा कि AI की क्षमताएं वैज्ञानिकों की समझ और सरकारों की नीतियां बनाने की क्षमता से कहीं तेज गति से बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि अब ऐसे कई संकेत मिल रहे हैं कि कुछ AI सिस्टम भ्रामक व्यवहार भी दिखा सकते हैं. इसलिए वैज्ञानिक अभी यह गारंटी नहीं दे सकते कि भविष्य में अधिक शक्तिशाली होने पर AI अपने आप या किसी गलत इरादे वाले व्यक्ति के इस्तेमाल से कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचाएगी.

रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले समय में एजेंटिक AI का इस्तेमाल बढ़ेगा. ये ऐसे AI सिस्टम होंगे, जो सिर्फ सवालों के जवाब देने के बजाय वास्तविक दुनिया के कई काम खुद कर सकेंगे. हालांकि, एनर्जी की बढ़ती जरूरत और हाई क्वालिटी वाले डेटा की कमी इसकी रफ्तार को कुछ हद तक प्रभावित कर सकती है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भविष्य में AI खुद को बेहतर बनाने की क्षमता हासिल कर सकती है और अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकती है. साथ ही AI का मेल क्वांटम कंप्यूटिंग और बायोटेक्नोलॉजी जैसी तकनीकों के साथ होने से इसके प्रभाव और भी बड़े हो सकते हैं.

तेजी से विकसित हो रही है Agentic AI

रिपोर्ट के अनुसार, AI अब गणित और विज्ञान जैसे विषयों में विशेषज्ञ स्तर की क्षमता दिखाने लगी है. यह दवाओं और वैक्सीन के विकास की प्रक्रिया को भी तेज कर रही है. AI की काम करने की क्षमता इतनी तेजी से बढ़ रही है कि हर 4 से 7 महीने में इसकी कार्य करने की क्षमता लगभग दोगुनी हो रही है. इससे भविष्य में AI ऐसे काम भी कर सकती है, जिन्हें पूरा करने में इंसानों को कई दिन या हफ्ते लग जाते हैं. हालांकि इससे अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा हो सकता है, लेकिन यह अभी साफ नहीं है कि AI से बढ़ी उत्पादकता का लाभ सभी लोगों तक पहुंचेगा या इसका नौकरियों पर क्या असर पड़ेगा.

AI से जुड़े कई सुरक्षा खतरे

रिपोर्ट में कहा गया है कि जैसे-जैसे AI सिस्टम अधिक स्वतंत्र और स्वचालित होते जाएंगे, उन पर कंट्रोल बनाए रखना मुश्किल हो सकता है. साथ ही कुछ AI सिस्टम भ्रामक या धोखा देने वाला व्यवहार भी कर सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, AI का इस्तेमाल पहले से ही फर्जी जानकारी और नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री बनाने के लिए किया जा रहा है. भविष्य में इसका उपयोग धोखाधड़ी, साइबर हमलों और जैविक खतरों जैसे गंभीर अपराधों के लिए भी किया जा सकता है.

UN महासचिव ने दी चेतावनी

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सरकारों से जल्द कदम उठाने की अपील की है. उन्होंने कहा, "दुनिया उस चीज को कंट्रोल नहीं कर सकती, जिसे वह पूरी तरह समझती नहीं है". गुटेरेस ने कहा कि AI में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इसके जोखिम भी वास्तविक हैं. अगर इस दिशा में समय रहते सही कदम नहीं उठाए गए, तो इसकी कीमत पूरी दुनिया को चुकानी पड़ सकती है.

यह भी पढ़ें:- क्या है नया AI Investment Scam? NCIB ने लोगों को किया अलर्ट, जानें अब कैसे ठगी का शिकार बना रहे साइबर अपराधी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
United Nations, Artificial Intelligence (AI)
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com