देश में 10 अंकों वाले सामान्य मोबाइल नंबरों के जरिए सरकारी एजेंसियों और निजी कंपनियों के नाम पर होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी (Cyber Fraud) को रोकने के लिए दूरसंचार नियामक TRAI ने एक बड़ा कदम उठाया है. दरअसल, ट्राई ने सोमवार को बिजली, पानी, रसोई गैस (LPG), सिटी गैस, कूरियर और लॉजिस्टिक कंपनियों की ओर से अपने ग्राहकों को दी जाने वाली सर्विस और ट्रांजैक्शनल कॉल्स के लिए 1601 नंबर सीरीज का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया है.
1601 नंबर सीरीज क्या है और पहले चरण में किन्हें मिलेगी?
अब तक सिर्फ बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और सरकारी विभागों के लिए 1600 नंबर सीरीज रिजर्व थी, लेकिन बीएफएसआई कॉल्स की संवेदनशीलता को देखते हुए अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए अलग से 1601 सीरीज बनाई गई है, ताकि ग्राहकों में कोई भ्रम न रहे. पहले चरण में बिजली वितरण कंपनियां, जलापूर्ति सेवाओं से संबंधित कंपनियों, एलपीजी वितरक और सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन के अलावा, कूरियर, एक्सप्रेस लॉजिस्टिक, पार्सल डिलीवरी और माल ढुलाई से जुड़ी कंपनियों को इसमें शामिल किया गया है. हालांकि, 1601 सीरीज वाले नंबरों के किसी भी तरह के प्रचार यानी Promotional कॉल्स के के तौर पर इस्तेमाल करने पर ट्राई ने पाबंदी लगा दी है.
टेलिकॉम कंपनियों को मिला 90 दिनों का समय
ट्राई ने साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए टेलिकॉम कंपनियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि 1601 सीरीज के नंबर सीधे पात्र कंपनियों को दिए जाएंगे. किसी भी एग्रीगेटर या बिचौलिए को यह नंबर नहीं मिलेंगे. लिहाजा, टेलीकॉम कंपनियां पूरी जांच पड़ताल और कंपनियों से लिखित आश्वासन लेने के बाद ही नंबर जारी कर पाएंगी. साथ ही टेलीकॉम ऑपरेटरों को 90 दिनों के भीतर सभी पात्र यूटिलिटी कंपनियों का रजिस्ट्रेशन और इस नई सीरीज पर माइग्रेशन पूरा कराने का निर्देश दिया है.
किस नंबर का क्या मतलब होगा?
| नंबर सीरीज | अधिकृत संस्थाएं | कॉल का प्रकार |
| 140 XXXX XXX | सिर्फ रजसिटर्ड बिजनेस हाउस या ब्रांड्स | प्रचार या प्रमोशनल कॉल्स |
| 1600 XXX XXX | बैंक, वित्तीय संस्थान, बीमा और सरकारी एजेंसियां | महत्वपूर्ण सर्विस और ट्रांजैक्शनल कॉल्स |
| 1601 XXX XXX | बिजली, पानी, एलपीजी, कूरियर व लॉजिस्टिक्स | सर्विस, डिलीवरी और ट्रांजैक्शनल कॉल्स |
ट्रूकॉलर विवाद पर ट्राई का रुख
हाल ही में 140 और 1600 सीरीज के नंबरों पर कॉलर आईडी ऐप्स जैसे Truecaller की ओर से Spam टैग दिखाए जाने पर विवाद खड़ा हुआ था. अब इस पर ट्राई ने स्पष्ट कर दिया है कि 1600 और 1601 सीरीज के नंबरों पर किसी भी प्रकार का स्पैम टैग नहीं लगाया जाना चाहिए. ये नंबर बैंकों और आवश्यक सेवाओं द्वारा ग्राहकों को लेनदेन की पुष्टि, सिक्योरिटी अलर्ट और महत्वपूर्ण सूचनाएं देने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं.
यह भी पढ़ें- ट्रेन में सफर के दौरान तबीयत खराब हो जाए तो कैसे बुलाएं डॉक्टर? पूरा प्रोसेस समझ लीजिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं