क्या आपकी फोन कॉल बार-बार ड्रॉप होती है? कॉल के दौरान आवाज साफ नहीं आती या कॉल कनेक्ट होने में जरूरत से ज्यादा समय लगता है, तो अब आप इसकी जानकारी सीधे टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) तक पहुंचा सकते हैं. TRAI ने अपने MyCall ऐप का नया वर्जन लॉन्च किया है. इस ऐप की खास बात है कि इसके जरिए मोबाइल यूजर कुछ ही सेकंड में अपनी कॉल क्वालिटी को रेट कर सकते हैं. ऑथोरिटी का कहना है कि इससे टेलीकॉम कंपनियों को नेटवर्क की कमियों का पता लगाने और कॉलिंग एक्सपीरियंस बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. फिलहाल ये अपडेटेड ऐप Android यूजर्स के लिए Google Play Store पर उपलब्ध है.
अब हर कॉल के बाद दे सकेंगे रेटिंग
TRAI के नए MyCall ऐप की सबसे बड़ी खासियत ये है कि यूजर हर वॉयस कॉल के बाद उसे 1 से 5 स्टार तक रेट कर सकते हैं. कॉल खत्म होने के बाद ऐप अपने आप पूछ सकता है कि कॉल की क्वालिटी कैसी रही. अगर कॉल के दौरान कोई समस्या आई हो तो यूजर यह भी बता सकते हैं कि आखिर दिक्कत क्या थी.
यूजर कॉल ड्रॉप, कॉल के दौरान इको, ऑडियो में देरी, आवाज टूटना, क्रॉस कनेक्शन, सामने वाले की आवाज सुनाई न देना या कॉल कनेक्ट होने में ज्यादा समय लगने जैसी समस्याओं की जानकारी दे सकते हैं. TRAI के मुताबिक यह फीडबैक संबंधित टेलीकॉम ऑपरेटर को बिना यूजर की पहचान बताए भेजा जाएगा. इससे Jio, Airtel, Vi और BSNL जैसी कंपनियां कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों की पहचान कर सकेंगी और उनमें सुधार कर सकेंगी.
शिकायत दर्ज करने का प्लेटफॉर्म नहीं है MyCall
TRAI ने साफ किया है कि MyCall कोई कस्टमर शिकायत प्लेटफॉर्म नहीं है. अगर किसी यूजर को बिलिंग, SIM या अन्य पर्सनल मोबाइल सर्विस से जुड़ी समस्या है तो उसे अपने टेलीकॉम ऑपरेटर से ही कॉन्टैक्ट करना होगा. इस ऐप का मकसद केवल बड़ी संख्या में यूजर्स से कॉल क्वालिटी से जुड़ा फीडबैक इकट्ठा करना है, ताकि देशभर के मोबाइल नेटवर्क की वास्तविक स्थिति को समझा जा सके.
कवरेज टेस्ट और मैप पर दिखेगी आपकी फीडबैक
नए MyCall ऐप में Coverage Test फीचर भी दिया गया है, जिसकी मदद से यूजर अपने इलाके में नेटवर्क सिग्नल की स्थिति चेक कर सकते हैं. इसके अलावा ऐप में इंटरैक्टिव मैप भी मिलेगा, जहां यूजर अपनी पुरानी फीडबैक देख सकेंगे. TRAI का कहना है कि ऐप यूजर्स की प्रतिक्रिया और नेटवर्क डेटा को एक साथ जोड़कर यह समझने में मदद करेगा कि वास्तविक परिस्थितियों में कॉलिंग अनुभव कैसा है. इससे केवल तकनीकी नेटवर्क टेस्ट पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
ये भी पढ़ें- OpenAI के नए AI मॉडल ने मचाया तहलका! सुलझाईं ऐसी गणितीय पहेलियां, जिनका सालों से नहीं मिल रहा था जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं