Noida International Airport Route Diversions: उत्तर प्रदेश का बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार है. कल यानी 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करने वाले हैं. एयरपोर्ट के पहले चरण की शुरुआत के साथ ही देश के कई बड़े शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी. इससे न केवल लोगों की यात्रा आसान होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी. उद्घाटन समारोह के चलते ट्रैफिक पुलिस ने गौतम बुद्ध नगर के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. ऐसे में अगर आप आगरा, जेवर और ग्रेटर नोएडा के रहने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन जरूर चेक कर लें.
यह भी पढ़ें: Noida Airport: उद्घाटन के बाद नोएडा एयरपोर्ट से इन 10 जगहों के लिए उड़ सकती हैं फ्लाइट, देख लें लिस्ट
इन जगहों पर रहेगा रूट डायवर्जन
- गोपालगढ़ से जेवर की ओर जेवर-टप्पल से जाने वाले कमर्शियल वाहन टप्पल की ओर वापस भेजे जाएंगे.
- खुर्जा से जेवर जाने वाले वाहनों को खुर्जा की ओर से ही डायवर्ट किया जाएगा.
- सिकंदराबाद‑काकरोड़ की ओर से आने वाला ट्रैफिक चचुरा नहर पुल होते हुए खैलरी की तरफ भेजा जाएगा.
- आगरा से आने वाले वाहन जेवर टोल से पहले यू‑टर्न लेकर अलीगढ़ और टप्पल के रास्ते आगे बढ़ेंगे.
- नोएडा‑ग्रेटर नोएडा से आगरा (यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए) जाने वाले वाहनों को परी चौक, अल्फा कमर्शियल राउंडअबाउट और ईस्टर्न पेरिफेरल के रास्ते भेजा जाएगा.
- मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद से आने वाले वाहन बिल अकबरपुर एग्जिट से उतरकर एनएच‑91 से आगे जाएंगे.
- पलवल से आने वाले वाहनों को सिरसा लूप से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी.

पार्किंग की व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जेवर एयरपोर्ट के आसपास 15 पार्किंग एरिया बनाए गए हैं. इनमें 14,700 भारी और मध्यम वाहन और 5,000 दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे. यह व्यवस्था वीआईपी, मीडिया कर्मियों और आम लोगों के लिए की गई है.
7000 पुलिसकर्मियों की तैनाती
एयरपोर्ट उद्घाटन समारोह में सुरक्षा के लिए 7000 पुलिसकर्मियों की तैनाती, तो वहीं, 300 सीसीटीवी के जरिए पूरे आयोजन की निगरानी की जाएगी. वहीं, शनिवार को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं