नोएडा में कभी कूड़ा फेंकने के लिए चिन्हित रही सेक्टर-123 की जमीन अब खिलाड़ियों के सपनों को उड़ान देगी. नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-123 में करीब 145 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की मंजूरी दे दी है. यह परियोजना 26.6 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगी और अगले दो वर्षों में दो चरणों में पूरी की जाएगी. प्राधिकरण के सिविल जीएम एके अरोड़ा ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इनडोर और आउटडोर दोनों तरह की खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी. पहले चरण में करीब 14.9 एकड़ क्षेत्र में निर्माण होगा, जबकि दूसरे चरण में 11.7 एकड़ में अतिरिक्त सुविधाएं तैयार की जाएंगी.
क्या-क्या होंगी सुविधाएं?
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक बनाया जाएगा. इसके अलावा फुटबॉल ग्राउंड, टेनिस कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, लॉन्ग जंप और हाई जंप की सुविधाएं, डिस्कस, हैमर थ्रो, जैवलिन रनवे, शॉटपुट एरिया, बच्चों के खेलने का क्षेत्र और ओपन जिम भी बनाया जाएगा. परियोजना के पहले चरण में खेल मैदानों के साथ हाई-मास्ट लाइटिंग, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, फायर सेफ्टी, एयर कंडीशनिंग, लिफ्ट, पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. दूसरे चरण में मल्टीपर्पज इंडोर हॉल, खिलाड़ियों और कोचों के लिए रिहायशी सुविधा और अन्य सपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा.

पार्किंग और अन्य सुविधाएं
कॉम्प्लेक्स में करीब 150 कारों की पार्किंग और दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था होगी. साथ ही गार्ड रूम, शौचालय, कियोस्क और आकर्षक लैंडस्केपिंग भी विकसित की जाएगी.
डंपिंग ग्राउंड से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक का सफर
सेक्टर-123 की यह जमीन पहले डंपिंग ग्राउंड के लिए चिन्हित की गई थी. हालांकि साल 2018 में स्थानीय लोगों के विरोध के बाद इस योजना को रद्द कर दिया गया और बाद में यहां स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने का फैसला लिया गया. पुराने लैंडफिल को दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया और गड्ढे को भर दिया गया. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस फैसले से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी और आसपास के सेक्टरों तथा गांवों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा.

खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
फिलहाल नोएडा में सेक्टर-21ए स्थित स्टेडियम पर खेल गतिविधियों का अधिक दबाव है. ऐसे में सेक्टर-123 का नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स शहर के खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा. उम्मीद है कि यहां तैयार होने वाली सुविधाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में भी सक्षम होंगी. यह परियोजना नोएडा के खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है और इससे स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा.
यह भी पढ़ें: मानसून में सफर करना होगा आसान, सेंट्रल रेलवे ने शुरू कीं 12 नई AC लोकल, जानें टाइमिंग समेत पूरी डिटेल
यह भी पढ़ें: नए आधार ऐप से एयरपोर्ट में एंट्री होगी आसान, जानिए कैसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं