विज्ञापन

Smart Meter Alert: अब ऐप पर नहीं मोबाइल नंबर पर आएगा बिजली बिल, जानें कैसे अपडेट करें अपना नंबर

Smart Meter Alert: अब बिजली बिल ऐप पर नहीं मिलेगा, बल्कि सीधे उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर पर SMS और WhatsApp के जरिए भेजा जाएगा. इसी वजह से UPPCL ने उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द मोबाइल नंबर अपडेट कराने की अपील की है. आइए जानते हैं आप घर बैठे अपना नंबर कैसे अपडेट कर सकते हैं-

Smart Meter Alert: अब ऐप पर नहीं मोबाइल नंबर पर आएगा बिजली बिल, जानें कैसे अपडेट करें अपना नंबर
UP Smart Meter Users Alert: नंबर अपडेट नहीं किया तो नहीं मिलेगा बिजली बिल

Smart Meter Alert: उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर इस्तेमाल कर रहे लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव हुआ है. अब तक जिन स्मार्ट मीटरों में प्रीपेड सिस्टम लागू था, उन्हें पोस्टपेड मोड में बदला जा रहा है. यानी अब उपभोक्ताओं को पहले की तरह रिचार्ज नहीं कराना होगा, बल्कि हर महीने बिजली का बिल भेजा जाएगा. लेकिन इस बदलाव के साथ एक और जरूरी बात सामने आई है. अब बिजली बिल ऐप पर नहीं मिलेगा, बल्कि सीधे उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर पर SMS और WhatsApp के जरिए भेजा जाएगा. ऐसे में अगर आपके बिजली कनेक्शन के साथ पुराना या गलत मोबाइल नंबर जुड़ा है, तो आपको बिल मिलने में दिक्कत हो सकती है. इसी वजह से UPPCL ने उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द मोबाइल नंबर अपडेट कराने की अपील की है. आइए जानते हैं आप घर बैठे अपना नंबर कैसे अपडेट कर सकते हैं- 

अब मोबाइल नंबर बन गया सबसे जरूरी

पहले स्मार्ट मीटर उपभोक्ता UPPCL ऐप पर जाकर बिजली खपत, बैलेंस और रिचार्ज की जानकारी देख लेते थे. लेकिन पोस्टपेड सिस्टम लागू होने के बाद अब बिलिंग से जुड़ी जानकारी मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी. यानी आपका नंबर अपडेट नहीं है तो बिजली बिल समय पर नहीं मिलेगा. इससे लेट फीस, बकाया और बिजली कटने जैसी परेशानी हो सकती है.

घर बैठे ऐसे अपडेट करें नंबर

UPPCL ने उपभोक्ताओं को ऑनलाइन मोबाइल नंबर बदलने की सुविधा दी है. इसके लिए उपभोक्ता वेबसाइट या ऐप दोनों का इस्तेमाल कर सकते हैं.

वेबसाइट से ऐसे बदलें नंबर 
  • वेबसाइट के जरिए नंबर बदलने के लिए सबसे पहले UPPCL पोर्टल पर लॉगइन करना होगा. 
  • इसके बाद प्रोफाइल सेक्शन में जाकर 'Mobile Number' ऑप्शन चुनें.
  • यहां अपना सही नंबर दर्ज करें. 
  • इसके बाद आपके पास एक OTP आएगा.  
  • वेरिफिकेशन पूरा करते ही नंबर अपडेट हो जाएगा.

अगर ऐप इस्तेमाल करते हैं, तो UPPCL ऐप में 'Manage My Account' सेक्शन में जाकर भी नया नंबर आसानी से जोड़ा जा सकता है.

WhatsApp पर भी मिलेगा बिजली बिल

अगर किसी वजह से SMS पर बिल नहीं मिलता है, तो उपभोक्ता WhatsApp Chatbot के जरिए भी अपना बिल देख सकते हैं. इसके लिए- 

  • डिस्कॉम के WhatsApp नंबर पर 'Hi' भेजना होगा. 
  • इसके बाद भाषा चुनकर 'View Bill Amount' ऑप्शन पर क्लिक करें.  
  • कस्टमर आईडी दर्ज करें.
  • इतना करते ही तुरंत बिल की जानकारी मिल जाएगी.
डिस्कॉम के WhatsApp नंबर
  • पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम- 8010968292
  • मध्यांचल विद्युत वितरण निगम- 7669003409
  • पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम- 7859804803
  • दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम- 8010957826
  • KESCO- 8287835233
बिल न मिले तो क्या करें?

अगर बिल नहीं मिलता है या कोई दूसरी समस्या आती है, तो उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन पर कॉल कर सकते हैं. इसके अलावा 15 मई से 30 जून 2026 तक बिजली विभाग के कार्यालयों में स्मार्ट मीटर शिकायत कैंप भी लगाए जाएंगे, आप इन कैंप में जाकर भी अपनी परेशानी रख सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- 9 मई की रात बदल जाएगा स्मार्ट बिजली मीटर का पूरा सिस्टम, रातोंरात होंगे पोस्ट पेड, जानिए फिर रिचार्ज में बचे पैसों का क्या होगा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com