SBI History: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं. देश के गरीब से लेकर अमीर तक सभी एसबीआई के साथ जुड़े हुए हैं. यही कारण है कि आज SBI देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक बन गया है. भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का इतिहास लगभग 220 साल पुराना है, जिसकी जड़ें ब्रिटिश काल से जुड़ी हैं. यह बैंक सिर्फ एक वित्तीय संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी माना जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं SBI की कब और कैसे शुरुआत हुई.
यह भी पढ़ें:- RBI Liberalized Remittance Scheme: RBI की लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम क्या है? आपको ये जरूर पता होना चाहिए
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की नींव 19वीं शताब्दी के पहले दशक में पड़ी थी. इसकी स्थापना 2 जून 1806 को हुई थी और बैंक ऑफ कलकत्ता Bank of Calcutta) के नाम से अस्तित्व में आया था, जिसे बाद करीब 3 साल के बाद बैंक को अपना चार्टर प्राप्त हुआ और 2 जनवरी 1809 में इसका नाम बदलकर Bank of Bengal कर दिया गया. बैंकिंग सेक्टर्स में तेजी आने लगी, तो 15 अप्रैल 1840, जब बंबई में बैंक ऑफ बॉम्बे (Bank Of Bombay) की नींव पड़ी थी और इसके बाद तीन साल बाद 1 जुलाई 1843 को बैंक ऑफ मद्रास अस्तित्व में आया था.
इंपीरियल बैंक ऑफ इंडिया
इन तीनों बैंकों को 27 जनवरी, 1921 को मिलाकर 'इंपीरियल बैंक ऑफ इंडिया' बनाया गया. यह बैंक उस समय देश का सबसे बड़ा निजी व्यावसायिक बैंक था और आरबीआई की स्थापना (1935) से पहले कुछ केंद्रीय बैंकिंग कार्य भी करता था.
कैसे बना 'भारतीय स्टेट बैंक'?आजादी के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग विस्तार के लिए सरकार ने इंपीरियल बैंक का राष्ट्रीयकरण करने का निर्णय लिया. 1 जुलाई, 1955 को 'स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एक्ट' के तहत भारतीय स्टेट बैंक अस्तित्व में आया. 1959 में आठ रियासतों के बैंकों को इसकी सहायक (Subsidiaries) बनाया गया. 1 अप्रैल 2017 को सभी सहयोगी बैंकों (जैसे स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर, हैदराबाद आदि) और भारतीय महिला बैंक का मुख्य SBI में पूर्ण विलय कर दिया गया.
SBI कैसे बना देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंकहाल ही में SBI ने मार्केट कैपिटलाइजेशन के मामले में ICICI बैंक को पीछे छोड़कर देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक बनने की उपलब्धि हासिल की है. इसकी इस सफलता के पीछे कई मुख्य कारण हैं. जैसे SBI के पास 23,000+ शाखाएं और 64,000+ ATM का जाल है, जो इसे देश के कोने-कोने तक पहुंचाता है. वर्तमान में इसके 50 करोड़ से अधिक ग्राहक हैं. सरकारी स्वामित्व (करीब 57% हिस्सेदारी) के कारण लोग इसे निवेश के लिए सबसे सुरक्षित मानते हैं. SBI के YONO ऐप ने बैंकिंग को आसान बनाया है, जिसके माध्यम से यह करोड़ों युवाओं और डिजिटल ग्राहकों से जुड़ा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं