Road Rules and Safety: सड़कों पर दौड़ते वाहनों के बीच आपने अक्सर अलग-अलग रंग की पट्टियां और रेखाएं बनी हुई देखी होंगी. कई लोग इन्हें सिर्फ सड़क की सुंदरता बढ़ाने वाला डिजाइन मानते हैं, लेकिन वास्तव में ये रेखाएं गाड़ी चलाने वालों की सुरक्षा और यातायात (Traffic) को व्यवस्थित रखने के लिए बेहद वैज्ञानिक तरीके से बनाई जाती हैं. इन्हें रोड मार्किंग्स (Road Markings) कहा जाता है. ये निशान सड़क पर चल रहे गाड़ियों के लिए एक मूक ट्रैफिक पुलिस की तरह काम करते हैं, जो आपको बताते हैं कि आपको कब रुकना है, कब चलना है और कब ओवरटेक करना है.
गाड़ी चलाते समय दुर्घटनाओं से बचने के लिए इन निशानों के अलग-अलग रूप और उनके मतलब को जानना हर चालक के लिए बहुत ही जरूरी है. सड़क पर बनाई जाने वाली हर रेखा की जानकारी नीचे दी गई है.

सफेद रंग की रेखाएं
सड़क पर सामान्य तौर पर सफेद रंग के निशान ही ज्यादा दिखाई देते हैं. ये आम तौर पर दो प्रकार की होगी है. अगर सड़क के बीच में सफेद रंग की छोटी-छोटी टूटी हुई पट्टियां बनी हैं, तो इसका मतलब है कि रास्ता साफ है. आप जरूरत पड़ने पर पूरी सावधानी के साथ अपनी लेन बदल सकते हैं और दूसरे वाहन को ओवरटेक कर सकते हैं या सुरक्षित रूप से यूटर्न भी ले सकते हैं. इसके उलट अगर सड़क पर बिना टूटे एक लंबी सीधी सफेद रेखा बनी है, तो इसका मतलब बेहद सख्त है. आपको सिर्फ अपनी ही लेन में चलना है. इस रेखा के ऊपर से गुजरना, लेन बदलना या ओवरटेक करना सख्त मना है. यह रेखा आमतौर पर पहाड़ी रास्तों या व्यस्त मोड़ों पर बनाई जाती है.
पीले रंग की रेखाएं
पीले रंग की रेखाएं ज्यादा सतर्कता का संकेत देते हैं और आमतौर पर वहां बनाई जाती हैं, जहां ट्रैफिक ज्यादा जटिल होती है. ये पीले रंग की रेखाएं कई तरह की होती है, हर पीली रेखा की जानकारी नीचे की दी गई है.
- एक सीधी पीली रेखा : यह रेखा स्पष्ट रूप से बताती है कि यहां ओवरटेक करना वर्जित (Prohibited) है. आप सिर्फ अपनी साइड रहकर ही दूसरे वाहन को पास दे सकते हैं, लेकिन इस पीली लाइन को पार करके दूसरी तरफ नहीं जा सकते .
- दो सीधी पीली रेखाएं : सड़क के बीचों बीच बनी दो समानांतर सीधी पीली रेखाओं का मतलब सबसे सख्त होता है. यहाँ लेन बदलना, ओवरटेक करना, मुड़ना या यूटर्न लेना पूरी तरह प्रतिबंधित है. यह निशान अक्सर सबसे ज्यादा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बनाए जाते हैं.
- टूटी हुई पीली रेखा: यह निशान सबसे लचीला होता है. यहाँ आप पूरी सावधानी के साथ लेन बदल सकते हैं और ओवरटेक कर सकते हैं, बशर्ते सामने से कोई दूसरा वाहन न आ रहा हो और आप पूरी तरह सुरक्षित महसूस करें.
इन रोड मार्किंग्स को जानना भी है जरूरी
सफेद और पीली रेखाओं के अलावा सड़क पर कुछ और भी निशान होते हैं, जिनका पालन करना जरूरी है.
- जेब्रा क्रॉसिंग : चौराहे के पास सड़क पर बनी काली और सफेद रंग की चौड़ी पट्टियां विशेष रूप से पैदल यात्रियों के सड़क पार करने के लिए होती हैं. जैसे ही लाल बत्ती हो या कोई पैदल यात्री यहां से गुजर रहा हो, वाहनों को रोककर उन्हें रास्ता देना अनिवार्य होता है.
- स्टॉप लाइन : किसी चौराहे या ट्रैफिक सिग्नल से ठीक पहले सड़क पर बनी एक चौड़ी सफेद पट्टी को स्टॉप लाइन कहते हैं. लाल बत्ती होने पर वाहन के टायरों को इस पट्टी से पीछे ही रोकना अनिवार्य होता है. इस लाइन को पार करने पर आपका चालान कट सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं