क्या आपके व्हाट्सएप पर भी भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई की तरफ से कोई खास मैसेज आया है जिसके बारे में आजकल हर कोई बात कर रहा है? दरअसल, सरकार और RBI देश को कैशलेस बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं और इसी कड़ी में 'डिजिटल रुपया' या ई-रुपया को बढ़ावा दिया जा रहा है. भारत अब कैशलेस यानी डिजिटल लेनदेन की राह पर एक बड़ा कदम उठा चुका है, जिसे 'डिजिटल रुपया' कहा जा रहा है. यह सिर्फ एक डिजिटल ट्रांजैक्शन नहीं है, बल्कि आपके जेब में रखे असली नोटों का एक सुरक्षित और डिजिटल रूप है.
आरबीआई की इस सुविधा से अब आपको न तो छुट्टे पैसों की चिंता होगी और न ही भारी पर्स लेकर चलना पड़ेगा. आइए जानते हैं कि यह डिजिटल रुपया आखिर है क्या और यह कैसे काम करता है.
डिजिटल रुपया आखिर है क्या?
आसान भाषा में कहें तो डिजिटल रुपया बिल्कुल वैसा ही है जैसे आपकी जेब में रखे असली नोट होते हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि ये नोट कागज के नहीं, बल्कि आपके मोबाइल फोन में डिजिटल रूप में मौजूद रहेंगे. इसे खुद देश के केंद्रीय बैंक यानी आरबीआई ने जारी किया है, इसलिए यह पूरी तरह सुरक्षित और भरोसेमंद है.
कैसे काम करता है डिजिटल रुपया?
इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह यूपीआई (UPI) की तरह ही काम करता है. आप दुकान पर लगे किसी भी क्यूआर कोड (QR Code) को स्कैन करके सीधे पेमेंट कर सकते हैं. जब आप इस डिजिटल करेंसी का इस्तेमाल करते हैं, तो आपको छुट्टे पैसों की समस्या नहीं होगी क्योंकि आप आसानी से जितना अमाउंट चाहे पेमेंट कर पाएंगे. अब आपको नकद पैसा साथ रखने की जरूरत नहीं है, आपका मोबाइल ही आपका बटुआ बन जाएगा.
कैसे इस्तेमाल करें डिजिटल रुपया ऐप?
इसे इस्तेमाल करना बहुत ही आसान है. सबसे पहले आपको अपनी बैंक का 'डिजिटल रुपया' ऐप अपने फोन में डाउनलोड करना होगा. इसके बाद अपने बैंक खाते से उस डिजिटल वॉलेट में पैसे भरने होंगे. एक बार पैसा वॉलेट में आ गया, तो आप किसी भी दुकान पर लगे क्यूआर कोड स्कैन करके कैश की तरह ही इसे खर्च कर सकते हैं. यह आरबीआई के भरोसे के साथ आता है, इसलिए आपकी मेहनत की कमाई पूरी तरह से सुरक्षित रहती है.
डिजिटल इंडिया की नई ताकत
आंकड़े बताते हैं कि डिजिटल रुपया का चलन काफी तेजी से बढ़ रहा है और 31 दिसंबर 2025 तक करीब 80 लाख लोग इस सुविधा का इस्तेमाल करना शुरू कर चुके हैं. RBI का साफ कहना है कि अब नकद पैसा केवल कागज तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल रूप में भी आपके मोबाइल फोन का हिस्सा बन चुका है. अगर आप भी अपने लेन-देन को स्मार्ट और आसान बनाना चाहते हैं, तो आज ही अपनी बैंक का डिजिटल रुपया ऐप डाउनलोड कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- मस्क ने Twitter खरीदते ही नौकरी से निकाला, तो पराग अग्रवाल ने खड़ा कर दिया 16,000 करोड़ का AI का साम्राज्य
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं