विज्ञापन

राशन कार्ड वालों के लिए नई सुविधा: क्या है 'सार्थक PDS' योजना, इससे आपको क्या फायदा होगा? आसान भाषा में समझिए

सार्थक PDS एक नई डिजिटल और तकनीक आधारित पहल है, जिसके जरिए राशन वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाया जाएगा. आइए जानते हैं इसके बारे में-

राशन कार्ड वालों के लिए नई सुविधा: क्या है 'सार्थक PDS' योजना, इससे आपको क्या फायदा होगा? आसान भाषा में समझिए
क्या है 'सार्थक PDS' योजना?

अगर आपके पास राशन कार्ड है और आप सरकारी राशन योजना का लाभ लेते हैं, तो आपके लिए एक जरूरी खबर है. केंद्र सरकार ने राशन वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए 'सार्थक PDS' योजना शुरू की है. इस नई व्यवस्था का मकसद राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ाना, गड़बड़ियों को रोकना और लोगों तक सही समय पर राशन पहुंचाना है. सरकार का दावा है कि इस योजना से देश के करीब 81.35 करोड़ राशन कार्ड धारकों को फायदा मिलेगा. इसके लिए अगले पांच साल में 25,530 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

क्या है 'सार्थक PDS' योजना?

सार्थक PDS (पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम) एक नई तकनीक आधारित व्यवस्था है, जिसके जरिए राशन वितरण का पूरा प्रोसेस डिजिटल और स्मार्ट बनाया जाएगा. अभी कई जगहों पर राशन वितरण में देरी, रिकॉर्ड की गड़बड़ी और निगरानी की कमी जैसी समस्याएं सामने आती हैं. नई योजना इन समस्याओं को कम करने के लिए लाई गई है.

इस योजना के तहत गोदाम से लेकर राशन की दुकान तक अनाज की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी. साथ ही शिकायतों के निपटारे और लाभार्थियों के रिकॉर्ड को भी तकनीक की मदद से बेहतर बनाया जाएगा.

आम लोगों को क्या फायदा होगा?
  • इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी. लोगों को यह जानने में आसानी होगी कि उनका राशन कब और कितना आया है.
  • फर्जी लाभार्थियों की पहचान करना आसान होगा, जिससे सही लोगों तक राशन पहुंच सकेगा. राशन की चोरी, हेराफेरी और रिकॉर्ड में गड़बड़ी जैसी समस्याओं पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी.
  • इसके अलावा अगर किसी व्यक्ति को राशन से जुड़ी शिकायत है, तो उसका समाधान पहले की तुलना में जल्दी हो सकेगा.
योजना के तीन बड़े हिस्सेनिर्मल (Nirmal)

यह AI बेस्ड लाभार्थी रजिस्ट्रेशन सिस्टम होगा. इसकी मदद से अलग-अलग सरकारी रिकॉर्ड को जोड़ा जाएगा, जिससे फर्जी या डुप्लीकेट लाभार्थियों की पहचान आसान होगी.

आशा (ASHA)

यह एक AI आधारित शिकायत और सहायता प्लेटफॉर्म होगा. इसे व्हाट्सऐप और चैटबॉट से जोड़ा जाएगा. लोग अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे और जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे.

सक्षम (Saksham)

यह राशन की सप्लाई और परिवहन पर नजर रखने वाला सिस्टम होगा. इसमें वाहन ट्रैकिंग, QR कोड और मांग का अनुमान लगाने जैसी सुविधाएं शामिल होंगी.

राशन की हर गतिविधि पर रहेगी नजर

नई योजना के तहत गोदाम से राशन की दुकान तक अनाज की पूरी यात्रा ऑनलाइन ट्रैक की जाएगी. इससे अधिकारियों को यह पता चलता रहेगा कि राशन कहां पहुंचा और कितना वितरित हुआ.

सरकार का मानना है कि इस तकनीक के इस्तेमाल से राशन वितरण व्यवस्था पहले से ज्यादा पारदर्शी, तेज और भरोसेमंद बनेगी. इसका सीधा फायदा करोड़ों राशन कार्ड धारकों को मिलेगा.

यह भी पढ़ें- BH सीरीज की नंबर प्लेट क्या होती है, किसे मिलती है और इसके क्या फायदे हैं? आसान शब्दों में समझें पूरी बात

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com