डिजिटल पेमेंट के दौर में लोग छोटी-बड़ी खरीदारी से लेकर पैसों के लेन-देन तक सब कुछ ऑनलाइन कर रहे हैं, लेकिन इसी सुविधा के बीच साइबर ठग नए-नए तरीके भी निकाल रहे हैं. इन दिनों एक ऐसा फ्रॉड सामने आया है जिसमें कोई अनजान व्यक्ति आपसे कह सकता है कि वो आपके फोनपे या किसी दूसरे UPI ऐप पर पैसे भेज देगा और बदले में आप उसे कैश दे दें. देखने में ये एक सामान्य मदद लग सकती है, लेकिन साइबर एक्सपर्ट्स के मुताबिक ऐसा करना आपको बड़ी परेशानी में डाल सकता है. इतना ही नहीं, बिना किसी गलती के आपका बैंक अकाउंट भी जांच के दायरे में आ सकता है और फ्रीज तक हो सकता है.
कैसे शुरू होता है ये खेल
इस तरह के मामले में कोई अनजान व्यक्ति आपसे कहता है कि उसे तुरंत कैश की जरूरत है. वो भरोसा दिलाने के लिए आपके फोनपे या UPI अकाउंट में पैसे ट्रांसफर भी कर देता है. इसके बाद वो आपसे उतनी ही रकम नकद देने की मांग करता है. ज्यादातर लोग इसे सामान्य लेन-देन समझकर कैश दे देते हैं.
असली खतरा कहां छिपा है?
साइबर अपराधी कई बार चोरी या ठगी से हासिल किए गए पैसों को अलग-अलग खातों में भेजते हैं. ऐसे में जो रकम आपके अकाउंट में आई है, वो किसी फ्रॉड का हिस्सा हो सकती है. जब जांच एजेंसियां उस पैसे की ट्रैकिंग करती हैं तो रिकॉर्ड में आपका अकाउंट भी दिखाई देता है. इससे आप अनजाने में जांच की प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं.
अकाउंट फ्रीज होने का भी खतरा
अगर जांच में किसी संदिग्ध ट्रांजैक्शन का लिंक आपके खाते तक पहुंचता है तो बैंक एहतियात के तौर पर अकाउंट पर रोक लगा सकता है. ऐसी स्थिति में आपको अपने पैसे निकालने या लेन-देन करने में दिक्कत आ सकती है. बाद में अपनी स्थिति साफ करने के लिए बैंक और संबंधित एजेंसियों के चक्कर भी लगाने पड़ सकते हैं.
Onlineपैसे लेकर कैश देना पड़ सकता है भारी!
— Adv. Satish kumar Gupta ???????????????????????????????????????? (@advsatishkgupta) May 31, 2026
आजकल नया साइबर फ्रॉड चल रहा है — कोई अजनबी कहे“भैयाonline कर देता हूँ,आप कैश दे दो”तो सावधान रहें!
वो पैसा चोरी का हो सकता है और आपका अकाउंट फ्रीज़ हो सकता है ❌
???? सुरक्षित रहें:
- किसी अजनबी को कैश न दें pic.twitter.com/xUHGoEyrpz
ऐसे रहें सुरक्षित
किसी भी अनजान व्यक्ति से नकद और ऑनलाइन पैसे का एक्सचेंज करने से बचें. अपने बैंक और UPI नोटिफिकेशन पर नजर रखें. किसी संदिग्ध ट्रांजैक्शन की जानकारी तुरंत बैंक को दें. अगर आपको किसी फ्रॉड का शक हो तो साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें. थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती है.
यह भी पढ़ें:- OLX पर किराये के मकान का एड दे रहे हैं? हरियाणा पुलिस ने जारी की बड़ी चेतावनी, साइबर फ्रॉड का हो सकता है खतरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं