विज्ञापन

नोएडा एयरपोर्ट से इसी साल शुरू होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, जानिए क्या है पूरी तैयारी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है. इसी साल यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारी चल रही है. आइए जानते हैं क्या है पूरा प्लान-

नोएडा एयरपोर्ट से इसी साल शुरू होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, जानिए क्या है पूरी तैयारी
नोएडा एयरपोर्ट से जल्द शुरू होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, जानिए कहां तक पहुंचा काम
(P.C- NDTV)

उत्तर प्रदेश का नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) अब जल्द ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए तैयार होने जा रहा है. हाल ही में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) की 27वीं बोर्ड बैठक में एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई. इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव एसपी गोयल ने की. बैठक में बताया गया कि इंटरनेशनल टर्मिनल का फिनिशिंग का काम सितंबर-अक्टूबर 2026 तक पूरा हो जाएगा. इसके बाद इसी साल यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन शुरू करने की योजना है.

घरेलू उड़ानों और कार्गो सेवा की भी तैयारी

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के साथ-साथ घरेलू उड़ानों और कार्गो सेवाओं को शुरू करने की तैयारी भी तेजी से चल रही है. एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाओं का काम लगभग अंतिम चरण में है. सरकार का लक्ष्य है कि सभी काम तय समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं.

दूसरे रनवे का निर्माण भी शुरू

नोएडा एयरपोर्ट का विस्तार भी तेजी से किया जा रहा है. दूसरे रनवे के निर्माण की तैयारी शुरू हो चुकी है. इसके लिए तीसरे चरण में 14 गांवों की 2053 हेक्टेयर जमीन ली जा रही है. जिला प्रशासन अब तक करीब 8 हजार किसानों को लगभग 5500 करोड़ रुपये का मुआवजा दे चुका है. अधिकारियों का कहना है कि अगले दो महीनों में बाकी किसानों को भी मुआवजा देकर पूरी जमीन अपने कब्जे में ले ली जाएगी.

इस जमीन पर सर्विस रनवे, क्रॉसिंग, विमान हैंगर और विमानन उद्योग से जुड़ी कई इकाइयां बनाई जाएंगी. दूसरे चरण में 1365 हेक्टेयर जमीन पर एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) हब बनाया जाएगा. इसके लिए अकासा एयर के साथ पहले ही समझौता हो चुका है. करीब 490 एकड़ में दूसरा रनवे बनाया जाएगा, जबकि लगभग 800 एकड़ में एविएशन इंडस्ट्री विकसित की जाएगी.

तीन चरणों में तैयार होगा एयरपोर्ट

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण 1334 हेक्टेयर में एक रनवे और एक टर्मिनल के साथ तैयार हो रहा है. दूसरे चरण में दूसरा रनवे और एमआरओ हब बनाया जाएगा, जबकि तीसरे चरण में सर्विस रनवे, विमान हैंगर और एविएशन इंडस्ट्री स्थापित की जाएगी. सरकार का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने के बाद नोएडा एयरपोर्ट सिर्फ यात्रा को आसान नहीं बनाएगा, बल्कि रोजगार, कारोबार और निवेश के नए अवसर भी पैदा करेगा.

यह भी पढ़ें- Tatkaal Passport Scheme: जल्दी चाहिए Passport? तत्काल स्कीम में ऐसे करें आवेदन, जानें फीस, रूल्स और पूरा प्रोसेस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida International Aiport, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com