New Passport Rules & Fee Structure 2026: विदेश मंत्रालय (MEA) ने पासपोर्ट (अमेंडमेंट) रूल्स, 2026 लागू कर दिया है. 15 सितंबर को इसके गजट में पब्लिश होते ही संशोधित दरें और नियम देश भर में प्रभावी हो गई हैं. इस बदलाव का असर नए पासपोर्ट आवेदकों के साथ-साथ रिन्यूअल, पासपोर्ट खोने या खराब होने पर डुप्लीकेट बनवाने और तत्काल सेवाओं पर भी पड़ेगा. इसके अलावा 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के पासपोर्ट की वैधता और आवेदन शर्तों में भी संशोधन किया गया है.
36 और 60 पेज वाले नॉर्मल पासपोर्ट की नई दरें
वयस्क आवेदकों के लिए साधारण (Normal) पासपोर्ट सेवाओं की फीस में बढ़ोतरी की गई है. इस बढ़ोतरी के साथ ही पहले जो 36 पेज वाला नॉर्मल पासपोर्ट 1,500 रुपये में बनता था, उसमें अब 1000 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है. यानी अब 36 पेज वाला नॉर्मल पासपोर्ट के लिए 2,500 रुपये चुकाने पड़ेंगे. वहीं, 60 पेज वाले नॉर्मल पासपोर्ट यानी जंबो बुकलेट की पुरानी फीस 2,000 थी, उसमें भी 1000 रुपये का इजाफा कर अब 3,500 रुपये कर दिया गया है.
तत्काल पासपोर्ट की नई फीस स्ट्रक्चर
इमरजेंसी या कम समय में यात्रा करने वालों के लिए तत्काल पासपोर्ट बनवाना भी अब काफी महंगा हो गया है. दरअसल, पहले जो 36 पेज वाला तत्काल पासपोर्ट 3,500 में बनता था, उसमें सीधे 1500 रुपये का इजाफा कर दिया गया है. यानी अब 36 पेज वाले तत्काल पासपोर्ट के लिए अब 5,000 रुपये चुकाने पड़ेंगे. वहीं, 60 पेज वाला तत्काल पासपोर्ट जो पहले 4,000 रुपये में बनाए जाते थे, इसकी फीस में अब सीधे 2000 रुपये का इजाफा कर दिया गया है. यानी अब 60 पेज वाला तत्काल पासपोर्ट के लिए 6,000 रुपये चुकाने पड़ेंगे.
पासपोर्ट खोने, खराब होने और बच्चों के लिए भी चुकाने पड़ेंगे ज्यादा पैसे
- पासपोर्ट रिप्लेसमेंट: 60 पेज वाले पासपोर्ट को तत्काल मोड में दोबारा बनवाने की फीस 5,500 रुपये से बढ़ाकर 8,500 रुपये कर दी गई है.
- बच्चों का पासपोर्ट शुल्क: 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए 36 पेज का नॉर्मल पासपोर्ट जो पहले 1,000 रुपये में बनता था, वह अब 1,750 रुपये और तत्काल पासपोर्ट 3,000 रुपये में बनेगा.
- वैधता: 15 साल से कम उम्र के बच्चों को जारी 36 पेज वाला सामान्य पासपोर्ट अब 5 वर्ष या 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक यानी इनमें से जो भी पहले हो, तब तक वैध रहेगा.
- छूट: 8 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक के वरिष्ठ नागरिकों को नए पासपोर्ट आवेदन पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी .
एक झलक में देखें किसमें हुआ कितना इजाफा
| पासपोर्ट की श्रेणी | पुरानी फीस | नई फीस |
| 36 पेज (नॉर्मल - वयस्क) | 1,500 रुपये | 2,500 रुपये |
| 60 पेज (नॉर्मल - वयस्क) | 2,000 रुपये | 3,500 रुपये |
| 36 पेज (तत्काल - वयस्क) | 3,500 रुपये | 5,000 रुपये |
| 60 पेज (तत्काल - वयस्क) | 4,000 रुपये | 6,000 रुपये |
| 36 पेज (माइनर - नॉर्मल) | 1,000 रुपये | 1,750 रुपये |
| 60 रिप्लेसमेंट | 5,500 | 8,500 रुपये |
यह भी पढ़ें- कंफर्म तत्काल टिकट अब मिनटों में होगा बुक , अभी अपनाएं IRCTC के ये 5 सुपरफास्ट ट्रिक्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं