NEET 2026 की परीक्षा 21 जून को होने वाली है. इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने छात्रों और उनके माता‑पिता के लिए खास व्यवस्थाएं की हैं, ताकि परीक्षा वाले दिन उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो और वे तनाव मुक्त रह सकें. इस पहल के तहत दिल्ली के सभी 97 परीक्षा केंद्रों पर कूलिंग ज़ोन (Cooling Zones) बनाए जाएंगे. इसके साथ ही कई अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी, जिससे छात्रों को आराम मिले और वे इस अहम परीक्षा पर पूरी तरह ध्यान दे सकें.
कूलिंग जोन से मिलेगी गर्मी से राहत
तेज गर्मी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने हर NEET परीक्षा केंद्र पर कूलिंग ज़ोन बनाए हैं. ये जगहें छात्रों और उनके साथ आए लोगों के लिए आरामदायक इंतजार करने की सुविधा देंगी, जिससे वे गर्मी से बच सकें और परीक्षा का दिन आसान बने.
पानी, ORS और फर्स्ट-एड की व्यवस्था
छात्रों और अभिभावकों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों पर पीने का पानी, ORS, चाय और फर्स्ट-एड जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. इन व्यवस्थाओं का मकसद गर्मी से होने वाली परेशानी से बचाना है, ताकि छात्र पूरी तरह से स्वस्थ रहकर अपनी परीक्षा दे सकें.
DTC फ्री यात्रा
नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्र-छात्राएं परीक्षा के दिन दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और क्लस्टर बसों में बिल्कुल मुफ्त सफर कर सकेंगे. मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने के लिए छात्रों को किसी अलग पास या पंजीकरण की जरूरत नहीं होगी. बस कंडक्टर को अपना वैध NEET एडमिट कार्ड दिखाने पर बिना किसी किराए के यात्रा की अनुमति मिलेगी.
तनाव मुक्त परीक्षा का माहौल
इन सभी व्यवस्थाओं का मुख्य उद्देश्य यह है कि छात्र बिना किसी तनाव के अपनी परीक्षा पर पूरा ध्यान दे सकें. साथ ही, उनके साथ आए माता-पिता की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है.
यह भी पढ़ें:- दिल्ली के लिए बड़ी राहत, भीषण गर्मी में भी नहीं होगी पानी की किल्लत, जानिए क्या है प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं