- लखनऊ में सपनों के आशियाने के लिए मिल रहा सस्ता प्लॉट.
- LDA ने दो योजनाओं के तहत प्लॉट की बुकिंग कर रहा है.
- वरुण विहार योजना और नैमिष नगर योजना की बुकिंग शुरू.
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत शहर के दो अलग-अलग हिस्सों में बसाई जा रही दो बड़ी मेगा टाउनशिप 'वरुण विहार योजना' और 'नैमिष नगर योजना' के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इन दोनों योजनाओं में विभिन्न आय वर्ग के लोगों के लिए आकर्षक दरों और सुविधाजनक भुगतान विकल्पों के साथ प्लॉट उपलब्ध कराए जा रहे हैं. वरुण विहार की तरह ही नैमिष नगर योजना के प्लॉट के लिए भी LDA के पोर्टल पर ऑनलाइन आवदेन और कंप्यूटरीकृत लॉटरी के जरिए प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. प्लॉट इन्वेंट्री की सटीक जानकारी के लिए आप सीधे एलडीए के आधिकारिक पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं.
वरुण विहार योजना (Varun Vihar Yojana)
वरुण विहार योजना लखनऊ के दक्षिणी हिस्से में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के पास, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और किसान पथ के आसपास विकसित की जा रही है. इसके अंतर्गत सदर और सरोजिनी नगर तहसीलों के लगभग 12 गांवों (जैसे- भलिया, आदमपुर, डोना, रेवारी आदि) की जमीन शामिल है. यह LDA की सबसे बड़ी टाउनशिप योजना में से एक है, जिसमें बड़े पैमाने पर आवासीय प्लॉट के साथ बड़े लॉजिस्टिक्स पार्क और गोल्फ कोर्स प्रस्तावित हैं.
वरुण विहार योजना के प्लॉट रेट- 2,800 रुपये प्रति वर्ग फीट
वरुण विहार योजना के प्लॉट के आकार- 112.5, 162, 200, 288, 300 और 450 वर्ग मीटर

नैमिष नगर योजना (Naimish Nagar Yojana)
नैमिष नगर योजना लखनऊ के उत्तरी भाग में सीतापुर रोड और बक्शी का तालाब (BKT) क्षेत्र के पास प्रस्तावित है. बीकेटी तहसील के लगभग 18 गांवों (जैसे- पुरवा, भौली, सैरपुर आदि) की जमीन पर इस आधुनिक टाउनशिप का खाका तैयार किया गया है.
नैमिष नगर योजना के प्लॉट रेट- 3,800 रुपये प्रति वर्ग फीट
नैमिष नगर योजना के प्लॉट के आकार- 72 वर्ग मीटर से शुरू होकर 112.5, 162, 200, 288 और 450 वर्ग मीटर तक उपलब्ध हैं.
कहां और कब तक करें रजिस्ट्रेशन
LDA के वरुण विहार योजना और नैमिष नगर योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है. एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट registration.ldalucknow.in के जरिए ऑनलाइन रजिस्टरेशन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. इन दोनों योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन और रजिस्ट्रेशन 24 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है, जो 24 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा.
किस्त पर ले सकते हैं प्लॉट
LDA ने लोगों को सुविधाजनक भुगतान का विकल्प और छूट का प्रावधान भी किया है. खरीदारों की सुविधा के लिए LDA ने फाइनेंस का विकल्प दिया है. इसमें 9.7% वार्षिक ब्याज के साथ 36 मासिक किस्तों का भुगतान विकल्प उपलब्ध है. वहीं खरीदार 45 से 90 दिनों के भीतर पूर्ण भुगतान करता है, तो उसे 4% से 6% तक की छूट दी जाएगी, साथ ही एकमुश्त भुगतान का विकल्प चुनने वाले आवंटी को आवंटन में प्राथमिकता मिलेगी.
योजना की विस्तृत जानकारी और टोल-फ्री सहायता के लिए निवेशक 1800-1800-5000 पर संपर्क कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | जीडीए की हरनंदीपुरम योजना लॉन्च को तैयार, गाजियाबाद की हाई टेक टाउनशिप में सपनों का आशियाना, जानें खासियत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं