विज्ञापन

मुंबई मेट्रो इस रूट पर 6ः30 बजे से चलेंगी, जानें बदला हुआ टाइम टेबल और वजह

महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने मेट्रो लाइन 2A, 7 और 9 के परिचालन समय में अस्थायी बदलाव किया है. 15 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक इन लाइनों पर सुबह की मेट्रो सेवाएं सुबह 6:00 बजे की बजाय 6:30 बजे से शुरू होंगी.जानिए क्या है 10 दिनों का नया शेड्यूल और यात्रियों के लिए गाइडलाइंस.

मुंबई मेट्रो इस रूट पर 6ः30 बजे से चलेंगी, जानें बदला हुआ टाइम टेबल और वजह
 मुंबई मेट्रो का बड़ा अपडेट: 15 से 25 सितंबर तक सुबह बदला रहेगा समय.
NDTV

Mumbai Metro Alert: मुंबई मेट्रो में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है. दरअसल,  महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने घोषणा की है कि 15 सितंबर से 25 सितंबर 2026 के दौरान मेट्रो फेज वन की लाइन 2A, लाइन 7 और लाइन 9 की ट्रेन सेवाएं सुबह 6:30 बजे से शुरू होंगी. दहिसर, अंधेरी, बोरीवली, कांदिवली और मीराभायंदर रूट पर मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों सबसे ज्यादा इससे प्रभावित होंगे. 

हालांकि, सामान्य दिनों में यह सेवाएं सुबह जल्दी शुरू हो जाती हैं, लेकिन तकनीकी कार्यों और सुरक्षा परीक्षणों के कारण 10 दिनों के लिए सुबह के समय में 30 मिनट की कटौती की गई है.

10 दिनों के मॉर्निंग ब्लॉक का फैसला?

दरअसल, मेट्रो लाइन 9 दहिसर पूर्व से मीरा भायंदर का दूसरा चरण अब चालू होने के अंतिम चरण में पहुंच रहा है. नए मेट्रो ट्रैक को मौजूदा लाइन 2A और लाइन 7 के नेटवर्क के साथ सुरक्षित रूप से जोड़ने के लिए सिग्नलिंग सिस्टम का तालमेल बनाना जरूरी है. इस दौरान चारकोप डिपो के ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर से नया सिग्नलिंग सॉफ्टवेयर टेस्ट किया जाएगा और ट्रेनों की स्पीड व ऑटोमैटिक ब्रेकिंग तकनीक का परीक्षण होगा. दिन के व्यस्त समय में यात्रियों को परेशानी न हो, इसलिए तकनीकी टीमों को काम करने के लिए सुबह तड़के का समय दिया गया है.

रात 12:30 बजे तक चलेंगी ट्रेनें

हालांकि, सुबह के समय में 30 मिनट की देरी होगी, लेकिन गणेशोत्सव के मौके पर श्रद्धालुओं और देर रात तक घूमने वाले यात्रियों के लिए मेट्रो ने खुशखबरी भी दी है. 14 सितंबर से 25 सितंबर 2026 के दौरान लाइन 2A, 7, 9 और 2B की अंतिम ट्रेन रात 11:00 बजे की बजाय रात 12:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा, त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए प्रतिदिन 10 से 15 अतिरिक्त फेरे चलाए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें- गणेशोत्सव पर कोंकण जाने वालों के लिए रेलवे चलाएगा जनरल स्पेशल ट्रेन; देखें रूट, टाइमिंग व स्टेशन की पूरी लिस्ट

ऐसे में अगर आप तड़के काम पर निकलने वाले यात्री हैं और  ट्रेन या बस पकड़ने की योजना बना रहे हैं, तो अपने सफर में 30 मिनट का अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें. 26 सितंबर 2026 से सभी मेट्रो ट्रेनें अपने पुराने सामान्य टाइमटेबल के अनुसार चलने लगेंगी.

यह भी पढ़ें- दीवाली और छठ पर नहीं होगी मारामारी! देखिए आपके शहर से चलेंगी कौन-सी स्पेशल ट्रेन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Metro, MMMOCL Metro Ticket, Mumbai News, Metro Line, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com