कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों तक सूचना तेजी से पहुंचाने के लिए एक ऑफिशियल व्हाट्सएप चैनल लॉन्च किया है. संगठन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी है.
ईपीएफओ ने अपने इस पोस्ट में लिखा है कि EPFO now on WhatsApp too! इसके साथ ही सदस्यों से आधिकारिक अपडेट व उपयोगी जानकारियां प्राप्त करने के लिए इस चैनल से जुड़ने की अपील की. इस कदम का मुख्य उद्देश्य पीएफ मेंबर्स को बिना किसी पोर्टल पर बार बार चक्कर लगाए सीधे उनके फोन पर ऑफिशियल जानकारी उपलब्ध कराना है. हालांकि, यह चैनल सिर्फ सूचनाओं के लिए हैं. पीएफ बैलेंस चेक करने या पैसे निकालने की सुविधाएं अब भी सिर्फ आधिकारिक पोर्टल और उमंग ऐप पर ही रहेंगी.
EPFO व्हाट्सएप चैनल पर ये सुविधाएं मिलेंगी
- पीएफ ब्याज दर, नियमों में बदलाव, क्लेम सेटलमेंट से जुड़े दिशा निर्देश और पेंशन योजनाओं की ताजा अपडेट्स.
- साइबर धोखाधड़ी से बचाव, ऑनलाइन फॉर्म भरने के तरीके और ईपीएफओ की नई सेवाओं की सही जानकारी.
- ईपीएफओ ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक अपडेट्स देने वाला चैनल है.
EPFO के आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल से ऐसे जुड़ें
- EPFO द्वारा जारी आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में दिए गए आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल लिंक पर क्लिक करें.
- ईपीएफओ द्वारा जारी किए गए आधिकारिक क्यूआर कोड को अपने स्मार्टफोन के कैमरे या व्हाट्सएप स्कैनर से स्कैन करके भी सीधे चैनल से जुड़ा जा सकता है.
- लिंक खुलने के बाद व्हाट्सएप में Follow बटन पर क्लिक करें. लेटेस्ट नोटिफिकेशन्स पाने के लिए बेल आइकन को ऑन कर दें.
UPI से PF निकासी पर EPFO कर रहा है काम
व्हाट्सएप चैनल के अलावा, ईपीएफओ अपनी अन्य डिजिटल सेवाओं का भी विस्तार कर रहा है. हाल ही में केंद्रीय श्रम मंत्री की ओर से दिए गए संकेत के मुताबिक भविष्य में यूपीआई गेटवे के जरिए से पीएफ खाते से सीधे बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने की सुविधा पर काम चल रहा है, जिसकी टेस्टिंग पूरी कर ली गई है.
यह भी पढ़ें- बैंक अकाउंट खोलते ही मुफ्त मिलता है 5 रुपये का बीमा, जानें क्या हैं नियम और कैसे उठाएं लाभ
इसके साथ ही ईपीएफओ ने सदस्यों से साइबर ठगों से सावधान रहने की हिदायत भी दी है. संगठन की ओर से कहा गया है कि सिर्फ ईपीएफओ की ओर से सत्यापित आधिकारिक चैनल लिंक से ही जुड़ें. किसी भी अनजान व्हाट्सएप नंबर या कॉल पर अपना UAN नंबर, पासवर्ड, आधार विवरण या बैंक OTP कभी भी शेयर न करें.
यह भी पढ़ें- गिरवी रखा सोना बैंक से चोरी होने पर कैसे मिलेगा मुआवजा, जानें RBI के नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं