Lucknow-Kanpur Expressway:लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. आज , 13 जुलाई से लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे आम लोगों के लिए खोल दिया गया है.इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिलकर किया. इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद अब दोनों शहरों के बीच सफर सिर्फ 35 से 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. पहले यही सफर ट्रैफिक के कारण करीब ढाई से तीन घंटे तक लग जाता था.
क्या है इस एक्सप्रेसवे का रूट कितना बचेगा आपका समय और कैसे बिना रुके आप कर पाएंगे सफर, आइए जानते हैं पूरी डिटेल
कहां से कहां तक है एक्सप्रेसवे का रूट?
करीब 63 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे लखनऊ के शहीद पथ से शुरू होकर कानपुर के चकेरी तक जाता है. यह नेशनल एक्सप्रेसवे 6 का हिस्सा है. इसकी करीब 30 फीसदी लंबाई एलिवेटेड यानी जमीन से ऊपर बनाई गई है, जिससे शहर के अंदर ट्रैफिक का असर कम होगा.
अब कितना कम होगा सफर का समय?
इस एक्सप्रेसवे पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकेंगे. इसके चलते लखनऊ से कानपुर का सफर अब सिर्फ 35 से 45 मिनट में पूरा हो जाएगा. इससे रोज आने जाने वाले लोगों के साथ कारोबार और माल ढुलाई करने वालों को भी काफी फायदा मिलेगा.
टोल कैसे देना होगा?
इस एक्सप्रेसवे की सबसे खास बात यह है कि यहां पारंपरिक टोल बैरियर नहीं होंगे. यानी लंबी लाइन में रुककर टोल देने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यहां बिना रुके टोल लिया जाएगा, जिससे ट्रैफिक नहीं रुकेगा और सफर तेजी से पूरा होगा.
रूट पर कुल पांच टोल प्वाइंट बनाए गए हैं. इनमें आउटर रिंग रोड से जुड़े एक प्वाइंट पर कोई टोल नहीं लिया जाएगा. बाकी चार जगहों पर वाहन की कैटेगरी के हिसाब से तय टोल लिया जाएगा. इससे सफर पहले के मुकाबले ज्यादा आसान और तेज होगा.
4700 करोड रुपये की लागत से प्रोजेक्ट तैयार, 8 लेन तक होगा विस्तार
इस एक्सप्रेसवे को करीब 4700 करोड रुपये की लागत से बनाया गया है. इसके निर्माण में 3D AMG टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जिससे सड़क ज्यादा मजबूत और बेहतर तरीके से तैयार हुई है. इस प्रोजेक्ट की आधारशिला पहली बार मार्च 2019 में और दूसरी बार 5 जनवरी 2022 को रखी गई थी. फिलहाल इस एक्सप्रेसवे को 6 लेन में बनाया गया है, लेकिन भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इसे 8 लेन तक बढ़ाने की तैयारी भी रखी गई है. यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के तीन अन्य एक्सप्रेसवे से भी जुड़ता है. इससे कई जिलों के लोगों को भी तेज और आसान कनेक्टिविटी मिलेगी.
एक्सप्रेसवे शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच माल की आवाजाही पहले से तेज होगी. इससे ट्रांसपोर्ट का खर्च कम होने की उम्मीद है और सामान जल्दी पहुंच सकेगा. रोजाना सफर करने वाले लोगों का समय भी बचेगा.
ये भी पढ़ें- PF की टेंशन खत्म! अब जॉब स्विच करते ही ऑटोमैटिक ट्रांसफर होगा आपका बैलेंस, जानें ये क्यों है जरूरी और इसके फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं