PF Transfer New Rule 2026: अगर आप जॉब स्विच करने की सोच रहे हैं या हाल में कोई नई कंपनी ज्वॉइन की है तो आपके लिए अच्छी खबर है. अक्सर नौकरी बदलने के बाद कर्मचारियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि पुराने पीएफ (PF) अकाउंट का क्या होगा? लेकिन अब आपको इस बात की बिल्कुल भी टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. अब नई कंपनी ज्वाइन करने के बाद पुराने पीएफ अकाउंट को नए पीएफ अकाउंट में ट्रांसफर कराने के लिए अलग से ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी. EPFO के नए डिजिटल और सेंट्रलाइज्ड सिस्टम के आने से यह पूरी प्रक्रिया अब ऑटोमैटिक हो गई है. अगर आपका UAN आधार से लिंक है तो EPFO आपके पुराने PF अकाउंट को नए अकाउंट से अपने आप जोड़ देगा. इससे कर्मचारियों का समय बचेगा और पूरा प्रोसेस पहले से काफी आसान हो जाएगा.
EPFO ने अपने सभी मेंबर का डेटा अब सेंट्रल प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट कर दिया है. इसके बाद पीएफ से जुड़ी कई सर्विस पहले से तेज और आसान हो गई हैं. पुराने पीएफ को नए खाते में ट्रांसफर करने के लिए बार-बार ऑनलाइन रिक्वेस्ट डालना या दफ्तरों के चक्कर काटना काफी थकाऊ काम लगता था. लेकिन अब PF क्लेम जल्दी सेटल होंगे और नौकरी बदलने पर PF अकाउंट का ट्रांसफर भी अपने आप हो जाएगा.
अब नौकरी बदलने पर कैसे ट्रांसफर होगा PF अकाउंट?
अगर आपका 12 अंकों का UAN आधार से लिंक है तो नई कंपनी में ज्वाइन करते ही आपका पुराना PF अकाउंट अपने आप नए PF अकाउंट से जुड़ जाएगा. इसके लिए अब अलग से ट्रांसफर रिक्वेस्ट डालने या EPFO ऑफिस जाने की जरूरत नहीं होगी. यानी अब आपको कहीं भागने की जरूरत नहीं है. बस नई कंपनी जॉइन करें और बाकी काम सिस्टम खुद कर लेगा.
पहले नौकरी बदलने के बाद कर्मचारियों को नई कंपनी को UAN देना पड़ता था. इसके बाद पुरानी कंपनी, नई कंपनी और EPFO से मंजूरी लेनी होती थी. फिर ऑनलाइन या ऑफलाइन PF ट्रांसफर की अलग से रिक्वेस्ट करनी पड़ती थी. इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय लगता था. अब यह काम नए डिजिटल सिस्टम के जरिए अपने आप हो जाएगा.
बता दें कि UAN यानी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर एक 12 अंकों का नंबर होता है. यह आपकी पूरी नौकरी के दौरान एक ही रहता है, चाहे आप कितनी भी बार नौकरी बदलें. हर नई कंपनी में यही UAN इस्तेमाल होता है और इसी से आपका PF रिकॉर्ड जुड़ा रहता है.
पुराने PF अकाउंट को मर्ज करना क्यों जरूरी है? जानें इसके फायदे
अगर आपने एक से ज्यादा कंपनियों में काम किया है तो आपके कई PF अकाउंट बन सकते हैं. ऐसे में सभी पुराने PF अकाउंट को नए अकाउंट में जोड़ना जरूरी होता है. इससे आपकी पूरी सर्विस हिस्ट्री एक जगह दिखाई देती है और PF बैलेंस भी एक साथ जुड़ जाता है.
सभी PF अकाउंट एक जगह होने से आपका पूरा रिकॉर्ड आसानी से मिलता है. भविष्य में PF निकालना आसान हो जाता है. जरूरत पड़ने पर PF एडवांस या लोन लेने में भी सुविधा मिलती है. आपका पूरा PF बैलेंस एक साथ दिखाई देता है और उस पर मिलने वाले ब्याज का भी पूरा फायदा मिलता रहता है. साथ ही अपने PF की जानकारी ट्रैक करना भी आसान हो जाता है.
नौकरी बदलने के बाद PF का पैसा निकालना सही है?
कई कर्मचारी नई नौकरी मिलने के बाद पुराने PF का पूरा पैसा निकाल लेते हैं, लेकिन यह सही फैसला नहीं माना जाता. अगर आपने दूसरी नौकरी ज्वाइन कर ली है तो बेहतर यही है कि पुराने PF को नए अकाउंट में ट्रांसफर कर दें. इससे आपका पैसा लगातार बढ़ता रहता है, ब्याज मिलता रहता है और भविष्य में PF निकासी और पेंशन से जुड़े सभी फायदे आसानी से मिलते हैं.
अगर आपका UAN अभी तक आधार से लिंक नहीं है तो सबसे पहले उसे लिंक करा लें. अपना 12 अंकों का UAN हमेशा संभालकर रखें. यही नंबर आपकी हर नौकरी में काम आएगा और इसी के जरिए आपका PF अपने आप नई कंपनी में ट्रांसफर हो सकेगा.
ये भी पढ़ें- Gold-Silver Price Today: ऑल-टाइम हाई से 2 लाख रुपये तक सस्ती हुई चांदी, सोना भी धड़ाम! जानें आज कहां पहुंचा भाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं